
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा में अब तक नेत्र प्रत्यारोपण की सुविधा नहीं होने से नेत्रदानियों की आंखों को सिम्स बिलासपुर भेजना पड़ता था। जिले में अब तक सात लोगों ने मृत्यु उपरांत नेत्रदान किया, लेकिन आई बैंक नहीं होने से आंखों को सुरक्षित रखने और प्रत्यारोपण की व्यवस्था नहीं थी। अब यह कमी दूर होने जा रही है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने डीएमएफ मद से जिला अस्पताल के नेत्र विभाग में माइक्रोस्कोप एवं आंख प्रत्यारोपण के लिए जरूरी संसाधनों के लिए 61 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है।क्रय संबंधी औपचारिकताओं और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी तीन माह में आई बैंक का निर्माण और नेत्र प्रत्यारोपण शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर फर्नीचर घोटाला: 10 आरोपितों पर 20 हजार पन्नों का चालान पेश
इससे सरगुजा संभाग के मरीजों को आंखों के इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।कलेक्टर ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कुल 291.07 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। इसमें स्वास्थ्य के 61 लाख और शिक्षा के 15 कार्य 230.07 लाख रुपये के शामिल हैं।