अंबिकापुर में नर्सिंग स्टाफ की अनिश्चितकालीन हड़ताल, 4800 ग्रेड पे की मांग, मरीजों की बढ़ी परेशानी
अंबिकापुर में ग्रेड पे 2800 से बढ़ाकर 4800 करने की मांग को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए, जिससे अस्पतालों में मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 08:46:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 09:00:59 PM (IST)
धरने पर बैठी नर्सिंग आफिसर फोटो एसोसिएशनHighLights
- नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर।
- 4800 ग्रेड पे की मांग।
- मरीजों की बढ़ी परेशानी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: ग्रेड पे वेतनमान में वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ के बैनर तले स्टाफ नर्स बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। नर्सिंग कर्मचारियों के आंदोलन से अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने लगा है।
मरीजों की परेशानी बढ़ने के साथ ही ऑपरेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सा कार्यों के प्रभावित होने की आशंका भी गहरा गई है।
आंदोलनरत नर्सिंग कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। बार-बार ज्ञापन और आंदोलन के बाद भी मांगों का निराकरण नहीं होने से उन्हें मजबूर होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है।
उन्होंने चेतावनी दी है कि आंदोलन के दौरान मरीजों के साथ किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की होगी।
यह भी पढ़ें- कोतरारोड के बंगले में तड़के पांच बजे पहुंची आयकर टीम, बर्बरीक ग्रुप के चार ठिकानों पर छापेमारी
2800 से बढ़ाकर 4800 ग्रेड पे की मांग
नर्सिंग एसोसिएशन की प्रमुख मांग है कि चार वर्षीय डिग्री पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद भी नर्सिंग कर्मचारियों को वर्तमान में केवल 2800 ग्रेड पे दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 4800 किया जाए। यदि 4800 ग्रेड पे देना संभव नहीं है तो पूर्व से तैयार 4400 ग्रेड पे के प्रस्ताव को ही मंजूरी दी जाए।
एसोसिएशन की अध्यक्ष मालती सिंह और उपाध्यक्ष प्रज्ञा सिंह ने बताया कि मांगों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में प्रांतीय निर्णय के अनुसार 18 नवंबर से कर्मचारी सेवा से अलग होकर हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले तीन दिनों तक अस्पताल परिसर में आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद सभी नर्सिंग कर्मचारी रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का घेराव करेंगे।