_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायगढ़। शहर में बुधवार की सुबह आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई। विभाग की अलग-अलग टीमें तड़के करीब पांच बजे कोतरारोड क्षेत्र स्थित बर्बरीक ग्रुप से जुड़े बंगले सहित अन्य ठिकानों पर पहुंचीं।
बर्बरीक हाउस और कालिंदी कुंज समेत रायगढ़ में चार प्रमुख परिसरों में एक साथ जांच शुरू की गई। टीम के साथ सुरक्षा के लिए सशस्त्र जवान भी मौजूद थे। अधिकारियों ने यहां पहुंचते ही कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, बही-खाते और कंप्यूटर रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ में कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के करीब 12 से 15 अधिकारियों की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर पहुंची थीं। जांच का मुख्य केंद्र बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी कारोबारी गतिविधियां और उनके वित्तीय लेनदेन हैं। अधिकारियों द्वारा आय-व्यय के ब्योरे, बैंकिंग लेनदेन, व्यावसायिक दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से संबंधित कारोबारी परिसरों में दिनभर हलचल बनी रही। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई के निष्कर्ष और संभावित कर चोरी की राशि को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल में क्या तथ्य सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें- 5.50 लाख रुपये सालाना फीस वसूली, निजी शिक्षण संस्थानों को दो सप्ताह में देना होगा जवाब: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट
रायगढ़ इस्पात के साथ लेनदेन की भी पड़ताल
इस कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण पहलू बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात के बीच कारोबारी संबंधों का भी सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों समूहों के बीच कारोबारी गतिविधियां जुड़ी हुई हैं और साझा व्यवसाय से संबंधित लेनदेन की कड़ियां भी जांच के दायरे में हैं। इसी आधार पर आयकर विभाग की टीमें संबंधित फर्मों के वित्तीय रिकॉर्ड का मिलान कर रही हैं। जांच में दोनों समूहों के बीच हुए लेनदेन, खातों और कारोबारी दस्तावेजों की पड़ताल को अहम माना जा रहा है।
डिजिटल रिकॉर्ड और बही-खातों पर फोकस
आयकर विभाग की टीमों ने संबंधित परिसरों में पहुंचकर कारोबारी दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर में दर्ज जानकारियों की भी जांच शुरू की। वित्तीय लेनदेन, खातों की किताबों और अन्य अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है। हालांकि, जांच के दौरान अब तक कितनी नकदी, संपत्ति या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।