
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सीतापुर क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और युवाओं के नशे की गिरफ्त में आने की मिल रही शिकायतों पर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई की है। टीम ने तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास घेराबंदी कर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वाले एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा है। उसके पास से करीब छह लाख रुपये कीमत का नशीली दवाओं का जखीरा बरामद हुआ है।
यह सफलता सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में गठित संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को मिली है। टीम लंबे समय से सीतापुर में सक्रिय सूखे नशे के कारोबार पर नजर रखे हुए थी।
जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर को टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास एक युवक बोरी के साथ खड़ा दिखा। सरकारी वाहन को देखते ही वह बोरी लेकर भागने लगा। टीम को शक हुआ तो नगर सैनिक ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय विश्वकर्मा निवासी सीतापुर बताया।बोरी में क्या है पूछने पर उसने नशीली दवाएं होना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर बोरी से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टेबलेट और कफ सिरप बरामद हुए।
जांच में पता चला कि यह मूल रूप से गढ़वा का रहने वाला है। इसकी ससुराल भी गढ़वा में ही है। सीतापुर के बाजारपारा में रहकर यह नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार करता था। कार्रवाई में आबकारी उड़नदस्ता टीम के आबकारी आरक्षक श्याम सुंदर सिंह, दीपक पांडे, नगर सैनिक गणेश पांडेय, रणविजय सिंह और रोहित सोनवानी की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कुलसचिव की कुर्सी पर घमासान, कुलपति बोले-अयोग्य की हुई नियुक्ति
16 हजार से अधिक नशीली दवाएं बरामद
आबकारी टीम के अनुसार आरोपित के पास से 14 हजार 144 नग नशीले कैप्सूल, एक हजार 990 नग नशीली टेबलेट (दो अलग-अलग प्रकार की) तथा 20 नग नशीली कफ सिरप बरामद हुई। बरामद दवाओं की कुल संख्या 16 हजार से अधिक है, जिनकी बाजार कीमत लगभग छह लाख रुपये है। इन नशीली दवाओं को खपाने की मंशा से आरोपित घटनास्थल पर खड़ा था। इसके संबंध में पहले भी शिकायत मिली थी।
पूछताछ में मुख्य सरगना का नाम उजागर, गढ़वा कनेक्शन
आरोपित संजय विश्वकर्मा से कड़ाई से पूछताछ में इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना का नाम सामने आया है। आरोपित ने बताया कि यह पूरी नशीली दवा सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता की है। वह उसी के साथ मिलकर यह अवैध धंधा करता है।
झारखंड के गढ़वा से नशीली दवाएं लाकर सीतापुर क्षेत्र में अवैध तरीके से युवाओं के बीच खपाई जाती थीं। पुलिस अब मुख्य आरोपित अनमोल गुप्ता की तलाश में जुट गई है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) और 22(c) के तहत कार्रवाई कर रिमांड लिया जा रहा है। यह ऑपरेशन क्लीन के तहत अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है।