नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर/बलरामपुर: बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र से एक वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो युवकों को ग्रामीणों बाइक से बांधकर रखा है। युवकों पर बाइक चोरी का आरोप है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चोरों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ये दोनों युवक इलाके के पेशवर अपराधी हैं। इस बार भी दोनों चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। इस दौरान गांव वालों ने उन्हें रंगे हाथाें पकड़ लिया। गांववालों ने दोनों को उसी बाइक से बांध दिया, फिर इसका वीडियो भी बनाया। वीडियो लगातार वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवकों को रस्सी से बाइक में कसकर बांधा गया है।आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं, लेकिन किसी ने भी युवकों को बचाने की कोशिश नहीं कर रहा है। कुछ लोग इस पूरे घटना का वीडियो बनाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जो दृश्य सामने आया है, वह भीड़ के कानून हाथ में लेने की एक प्रवृत्ति को भी उजागर कर रहा है।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार दोनों बदमाश हैं। गंभीर आपराधिक घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता रही है। ये बदमाश इलाके में आए दिन चोरी और अन्य अपराधों को अंजाम देते थे। जिससे आसपास के लोग भी इनसे परेशान थे। इस बार ग्रामीणों ने बदमाशों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: Tomar Brothers Case: सूदखोर तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित, सूचना देने वालों को मिलेगी इतनी राशि
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई। इसके साथ ही मारपीट करने वाले ग्रामीणों की पहचान भी की जा रही है। चांदो पुलिस के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।