
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: शहर की जर्जर सड़कों को लेकर नागरिकों का आक्रोश अब सड़कों से निकलकर जिम्मेदार विभागों के दफ्तरों तक पहुंचने लगा है। खरसिया रोड, मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड की बदहाल स्थिति से नाराज सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सबसे दिलचस्प स्थिति तब बनी, जब घेराव की खबर मिलते ही एनएच कार्यालय के अधिकारी दफ्तर छोड़कर चले गए। जिन अधिकारियों से सड़क की बदहाली पर जवाब मांगा जाना था, वे ही कार्यालय में मौजूद नहीं मिले।
शहर की प्रमुख सड़कों खरसिया रोड, मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़क और बदहाल आवागमन से वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नागरिक लगातार सड़क सुधार की मांग उठा रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन और अलग-अलग तरीकों से आंदोलन किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता सड़क समस्या को लेकर मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का भी घेराव कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर अब सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया गया।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए जारी टेंडर निरस्त होने के बाद से पूरी प्रक्रिया ठंडे बस्ते में चली गई है। इसका खामियाजा शहरवासियों और रोजाना इन मार्गों से गुजरने वाले राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर सड़क निर्माण की प्रक्रिया कब पूरी होगी और उन्हें गड्ढों एवं बदहाल आवागमन से कब राहत मिलेगी।
प्रदर्शन में सड़क की बदहाली के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे डा योगेंद्र सिंह गहरवार, सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा सहित कई अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण और मरम्मत शुरू होने तक इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाई जाती रहेगी।
इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी बीआर भगत ने भी मामले में अपना पक्ष रखा। हालांकि, नागरिकों की सबसे बड़ी अपेक्षा अब आश्वासनों से आगे बढ़कर सड़क पर वास्तविक काम शुरू होने की है। सवाल यह भी है कि जब शहर की प्रमुख सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं और लगातार आंदोलन हो रहे हैं, तो जिम्मेदार विभाग अब तक स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाल पाया है।
अधिकारियों के दफ्तर छोड़ने से भले ही कुछ देर के लिए प्रदर्शन की स्थिति टल गई हो, लेकिन सड़कों की समस्या और नागरिकों का आक्रोश अपनी जगह कायम है।