
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: कोरिया जिले में ईंट बनाने के दौरान पानी से भरे गड्ढे में गिरकर डेढ़ साल के बच्चे की मौत के मामले में दो आरोपितों को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है।
जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी की एकलपीठ ने आरोपितों की आरोपमुक्त करने की मांग खारिज करते हुए कहा कि यदि ईंट बनाने का काम उनके लाभ के लिए और उनकी निगरानी में हो रहा था, तो मजदूरों और उनके साथ आए बच्चों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करना उनकी जिम्मेदारी थी। इस मामले में सुरक्षा उपायों की अनदेखी हुई या नहीं, इसका फैसला विचारण के दौरान साक्ष्यों के आधार पर होगा।
मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कदंबबहरा का है। याचिकाकर्ता सत्येंद्र कुमार प्रजापति (40) और रविंद्र कुमार प्रजापति (36), निवासी कदंबबहरा, पतरापारा, जिला कोरिया ने सत्र न्यायाधीश बैकुंठपुर के 7 अगस्त 2026 के आदेश को चुनौती दी थी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के यदुनंदन नगर में बेकाबू कार ट्रांसफार्मर के नीचे घुसी, पोल क्षतिग्रस्त होने से दो घंटे बिजली ठप
सत्र न्यायालय ने दोनों की आरोपमुक्त करने की अर्जी खारिज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और 3(5) के तहत आरोप तय किए थे।
अभियोजन के अनुसार, 21 फरवरी 2026 को शाम करीब पांच से छह बजे मोहित लाल घसिया अपनी पत्नी के साथ आरोपितों के लिए ईंट बनाने का काम कर रहे थे। उनके साथ डेढ़ साल का बेटा तारुण भी मौजूद था।