
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के 10 नगर निगमों का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। शहरों से सटे गांवों को नगरीय सीमा में शामिल कर उन्हें शहर का दर्जा दिया जाएगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने इसके लिए पत्र जारी कर रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगमों से आसपास की ग्राम पंचायतों और वर्ष-2011 की जनगणना के अनुसार आबादी का ब्योरा मांगा है।
शहरों से सटे गांवों को नगरीय सीमा में शामिल करने पर केंद्र सरकार प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये का अनुदान देगी। 16वें वित्त आयोग ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच साल के लिए शहरीकरण प्रीमियम घटक में 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। यह राशि नए शामिल क्षेत्र की वर्ष-2011 की जनगणना के अनुसार आबादी के आधार पर मिलेगी।
16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अनुदान ऐसे बड़े नगरीय निकायों के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए है, जिनकी आबादी कम से कम एक लाख है। राज्य सरकार को ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में बदलाव के लिए स्पष्ट और समयबद्ध नीति बनानी होगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के पास स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में उठा धुआं, पहियों से निकली चिंगारी; यात्रियों में हड़कंप
इसमें पात्र गांवों की पहचान, विलय की प्रक्रिया और चरणबद्ध बदलाव का खाका तैयार करना होगा। पात्र बस्तियों की पहचान हर जनगणना के बाद और अधिकतम तीन वर्ष के अंतराल पर की जा सकेगी। गांवों को नगरीय सीमा में शामिल करने से पहले वित्तीय स्थिति, कर्मचारियों, नागरिक सेवाओं और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले असर का आकलन करना होगा। संपत्तिकर और उपयोगकर्ता शुल्क जैसे कर भी चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना बनानी होगी।
नीति और विलय के बाद ही अनुदान
राज्य सरकार को ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में बदलाव की नीति तैयार कर विलय की अधिसूचना जारी करनी होगी। इसके बाद केंद्र को अनुदान का प्रस्ताव भेजा जाएगा। राशि का उपयोग नए शामिल क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए ही किया जा सकेगा। वेतन और स्थापना संबंधी खर्च पर इसे नहीं लगाया जा सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि गांवों को शहर में शामिल करने के साथ शहरी सुविधाएं पहुंचाने की जिम्मेदारी भी निकायों की होगी।
छह सदस्यीय समिति गठित
राज्य सरकार ने योजना के लिए छह सदस्यीय समिति बनाई है। अपर संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास इसके अध्यक्ष होंगे। मुख्य अभियंता, संयुक्त संचालक और राज्य शहरी विकास अभिकरण के अधीक्षण अभियंता सदस्य होंगे। उप संचालक (विविध शाखा) सदस्य तथा कार्यपालन अभियंता सदस्य सचिव होंगे। समिति गांवों और नगरीय निकायों के चयन से लेकर योजना लागू करने तथा केंद्र से अनुदान प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर की दो कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, नगर निगम अमले ने की कार्रवाई; बिना अनुमति चल रहा था विकास कार्य
शहरीकरण प्रीमियम घटक में शामिल होने पर ये होंगे लाभ
योजनाबद्ध शहरी विकास, अव्यवस्थित फैलाव पर रोक।
शहरी स्तर की सुविधाएं नल से साफ पानी, आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइटें विकसित होंगी।
शहरी निकायों में शामिल होने से इन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन का तेजी से विस्तार हाेगा।
उद्योगों, सेवा क्षेत्रों और स्टार्टएप को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
भू-उपयोग नियमों में सुधार होगा, जिससे स्थानीय लोगों की संपत्ति की कीमतें और आर्थिक मूल्य बढ़ेगा।
नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आधुनिक शैक्षणिक संस्थान और डिजिटल कनेक्टिविटी की पहुंच आसान होगी।