नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : ओडिशा के सरडेगा से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर तक प्रस्तावित 218 किमी नई रेल लाइन को भारत सरकार ने विशेष रेल परियोजना में शामिल कर लिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को इसकी अधिसूचना जारी की गई है, जबकि भारत सरकार के राजपत्र में इसका प्रकाशन कर दिया गया है। यह रेल लाइन बिछने पर छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड सीधे तौर पर आपस में जुड़ जाएंगे। इस क्षेत्र में कई कोल ब्लाक भी हैं। इससे कोल परिवहन के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।
ओडिशा के सरडेगा से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर तक नई रेल लाइन के लिए सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है। सरडेगा से पत्थलगांव तक लाइन आने पर यह झारखंड के लोहरदगा से छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ रेल लाइन से जुड़ सकेगा। यह रेल लाइन छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव से होकर गुजरेगी। इस रेल लाइन का भी सर्वे चल रहा है। सरडेगा से अंबिकापुर तक प्रस्तावित रेल लाइन की दूरी 218 किलोमीटर है। इसमें सरडेगा से पत्थलगांव तक 128 तथा पत्थलगांव से अंबिकापुर तक की दूरी 90 किलोमीटर है।
अंबिकापुर से झारखंड के गढ़वा रोड तक नई रेल लाइन के लिए सर्वे का काम अंतिम चरण पर है।सरडेगा-अंबिकापुर रेल लाइन से गढ़वा रोड को भी जोड़ने की योजना है। झारखंड के गढ़वा रोड से बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल रेल लाइन से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं।सरडेगा, महानदी कोल फील्ड्स लिमिटेड के लिए कोल परिवहन का बड़ा केंद्र है।
सरडेगा से अंबिकापुर रेल लाइन की मंजूरी की उम्मीद इस कारण भी ज्यादा है क्योंकि रेल मंत्रालय सरडेगा को कोयला परिवहन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की मंशा से पहले ही सरडेगा से लाचकुरा 52 किमी तथा सरडेगा से भालूमाड़ा 37 किमी नई रेल लाइन को मंजूरी दे चुका है।
सरडेगा-अंबिकापुर प्रस्तावित रेल लाइन में यहां बनेंगे स्टेशन
- - *ओडिशा में :* सरडेगा, बरपाली रोड, टांगरपाली, गोटाबंधा, बेलमुंडा, बैसकीमुड़ा।
- - *छत्तीसगढ़ में :* खम्हार, बोगुडेवा, पत्थलगांव, करमीटिकरा, उलकिया, सीतापुर, कपाटबहरी, बतौली, कालीपुर, नवापारा, कतकालो, मणिपुर और अंबिकापुर।
- *अंबिकापुर-गढ़वा रोड रेल लाइन के प्रस्तावित स्टेशन*
- - *छत्तीसगढ़ में :* परसा, कंचनपुर, बघिमा, राजपुर, कर्रा, पस्ता, गोविंदपुर, लूरगी, झलरिया, मिगनी पहाड़, दलधोवा, चंद्रपुर, बलरामपुर, तातापानी, रामानुजगंज।
- - *झारखंड में :* विश्रामपुर, रंका, अचला, गढ़वा रोड।
रेणुकूट-अंबिकापुर-कोरबा का भी प्रस्ताव
अंबिकापुर से उत्तर प्रदेश के रेणुकूट तक नई रेल लाइन के लिए अंतिम सर्वेक्षण पूरा कर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट रेल मंत्रालय में प्रस्तुत किया जा चुका है। स्वीकृति नहीं मिली है। वर्तमान में अंबिकापुर-कोरबा रेल लाइन के लिए सर्वे का काम चल रहा है। इस सर्वे को रेणुकूट-अंबिकापुर-कोरबा रेल लाइन के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़ की तीन रेल लाइन विशेष रेल परियोजना में
उत्तर व मध्य छत्तीसगढ़ में रेल लाइन विस्तार को लेकर तीन प्रस्तावित नई रेल लाइनों को विशेष रेल परियोजना में शामिल किया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से झारखंड के गढ़वा रोड रेल लाइन,पत्थलगांव से धरमजयगढ़ व झारखंड के लोहरदगा रेल लाइन तथा सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर रेल लाइन शामिल हैं।तीनों परियोजनाओं के विशेष रेल परियोजना में शामिल होने से उत्तर छत्तीसगढ़ में रेल सुविधा विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।
क्या है विशेष रेल परियोजना
विशेष रेल परियोजना का मतलब है कि उस रेल लाइन को सरकार ने सामान्य परियोजनाओं से अलग, प्राथमिकता वाली परियोजना के रूप में चिन्हांकित किया है। ऐसी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, पर्यावरणीय अनुमति और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में तेजी लाई जाती है। इसके लिए अलग से फंड और समय-सीमा तय होती है, ताकि परियोजना वर्षों तक अटकी न रहे। विशेष रेल परियोजना घोषित होने के बाद संबंधित क्षेत्र में जमीन के उपयोग, निर्माण और अधिग्रहण के लिए रेलवे को कानूनी रूप से विशेष अधिकार मिल जाते हैं और राज्य सरकार का सहयोग भी अनिवार्य हो जाता है।
वर्जन
सरडेगा - पत्थलगांव- अंबिकापुर रेल परियोजना सरगुजा से जुड़ी,दूसरी प्रस्तावित रेल लाइन है जिसे अंबिकापुर गढ़वा रोड रेल प्रोजेक्ट के बाद,विशेष रेल परियोजना का दर्जा दिया गया है। इन दोनों परियोजना के अंतर्गत सरगुजा बलरामपुर और सूरजपुर जिलों को मिलाकर 234.98 किलोमीटर रेल लाइन बिछाई जाएगी। सरगुजा जिले में आठ और बलरामपुर जिले में 15 रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं।
सरगुजा क्षेत्र से रेलवे को जितनी राजस्व की प्राप्ति होती है, उसमें कम से कम इस क्षेत्र के लिए यह प्राथमिकता तो होनी ही चाहिए कि उसी रेल लाइन का पहले विस्तार हो,जिसमें यात्री ट्रेन चल सके।
मुकेश तिवारी ,सदस्य, क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर