
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर/अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने एक साथ छह जिलों में छापा मारकर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सरगुजा (अंबिकापुर) और सूरजपुर में हुई इस अचानक कार्रवाई से प्रदेश के कारोबारी जगत में हलचल तेज हो गई है। आयकर विभाग की जांच के दायरे में बर्बरीक ग्रुप (बर्बरीक कंस्ट्रक्शन), रायगढ़ इस्पात और पीआरए (प्रह्लाद राय अग्रवाल) ग्रुप से जुड़ी कारोबारी गतिविधियां हैं।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे से आयकर विभाग के 12 से 15 अधिकारियों की अलग-अलग टीमें रायगढ़ में संबंधित ठिकानों पर पहुंचीं। रायगढ़ के चार प्रमुख ठिकानों पर अधिकारी कारोबारी दस्तावेज, खातों की किताबें और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। इसके साथ ही बिलासपुर के विनोबा नगर स्थित चंदन अग्रवाल के आवास और व्यापार विहार स्थित हनुमान हार्डवेयर प्रतिष्ठान पर भी आयकर टीम द्वारा जांच किए जाने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी में रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के बीच कारोबारी संबंध होने और साझा व्यवसाय संचालित करने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- 3200 करोड़ के शराब घोटाले में राजनांदगांव में EOW-ACB की दबिश, व्यापारियों के ठिकानों पर छापा
उधर, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में पीआरए (प्रह्लाद राय अग्रवाल) ग्रुप से संबद्ध बर्बरीक कंस्ट्रक्शन कंपनी के अंबिकापुर स्थित कार्यालय और आयकर वकील (टैक्स एडवोकेट) रमेशचंद अग्रवाल के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित निवास 'हरसिंगार' में आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह छापा मारा। सशस्त्र जवानों की टीम के साथ आयकर अधिकारी अलग-अलग वाहनों से अंबिकापुर पहुंचे और घर व कार्यालय दोनों जगह जांच शुरू की। रमेशचंद अग्रवाल, पीआरए ग्रुप के संस्थापक प्रह्लाद राय अग्रवाल के छोटे भाई हैं और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के कामकाज से भी जुड़े हुए हैं। निवास 'हरसिंगार' के बाहर स्थानीय पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- 'धनकुबेर' SDO के पास मिले हीरे जड़ित आभूषण, 3 करोड़ आंकी गई कीमत, लोकायुक्त ने की पूछताछ
पीआरए ग्रुप का मुख्य कार्यालय सूरजपुर में स्थित है, जहां इस समूह का स्कूल, अस्पताल और सामुदायिक भवन भी संचालित है। यह ग्रुप सड़क, भवन और पुल-पुलिया निर्माण के अलावा स्टील, स्पंज और लोहे के कारोबार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है। परिवार के छह भाई इस समूह से जुड़े हैं और सभी अलग-अलग व्यवसाय संभालते हैं।
यह भी पढ़ें- रायपुर में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई: लोहा और जमीन कारोबारियों के कई ठिकानों पर आईटी की दबिश
इस पूरी कार्रवाई को बड़े पैमाने पर आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितता की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल स्थानीय स्तर पर कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। आयकर विभाग की टीमें दस्तावेजों, कंप्यूटर, बैंक लेन-देन के रिकॉर्ड और अन्य कागजातों की बारीकी से जांच कर रही हैं। कार्रवाई का वास्तविक दायरा और बरामदगी की जानकारी विभाग के आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।