
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: मैनपाट थाना क्षेत्र के ग्राम लुरैना निवासी नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में चूहा मार दवा खाने से मौत हो गई। मिशन अस्पताल अंबिकापुर में चार दिन तक चले इलाज के बाद मंगलवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतका की शादी चार माह पूर्व ही हुई थी। मौत से दो दिन पहले उसने पिता को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर कहा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।
सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव (20) का विवाह एक मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। स्वजन के अनुसार 15 सितंबर को वर्षा ने पिता को फोन कर ससुराल में परेशान किए जाने की बात कही थी।
17 सितंबर को दोपहर 12 बजे उसने पिता को संदेश भेजा कि वह जीना नहीं चाहती। इसके कुछ देर बाद ही पति अजय ने फोन कर सूचना दी कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और उसे मिशन अस्पताल ले जाया जा रहा है।अस्पताल में वर्षा को आइसीयू में भर्ती किया गया था। स्वजन के अनुसार इलाज के दौरान होश आने पर उसने बस इतना कहा कि ससुराल वाले ठीक नहीं हैं। उसने अपनी चाची को मारपीट की फोटो और रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी। 19 सितंबर को भी उसने पिता से ससुराल पक्ष के ठीक व्यवहार नहीं करने की बात कही थी।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता उमेश यादव ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष बेटी को प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि 15 सितंबर को बेटी ने बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई और पति ने कथित तौर पर पेट पर चढ़कर गला दबाने की कोशिश की थी।
पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि 18 सितंबर को दामाद उन पर पैसों की मांग को लेकर दबाव बना रहा था। उन्होंने जहर पिलाए जाने की भी आशंका जताई है। पिता के मुताबिक वर्षा एमएससी की पढ़ाई करना चाहती थी और ससुराल पक्ष की सहमति से पढ़ाई जारी रखने की योजना थी। 12 अगस्त को पति उसे मायके से मैनपाट ले गया था।
यह भी पढ़ें- 12 टन जब्त कबाड़ में मिली रेल संपत्ति, RPF की अंबिकापुर, मनेंद्रगढ़ मेंं छापेमारी लोहे से भरा ट्रक जब्त
कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में जांच
मृतका के पति अजय यादव का कहना है कि वर्षा विश्रामपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ना चाह रही थी। 17 सितंबर को उसने अचानक चूहा मार दवा खा ली, जिसके बाद वे उसे अस्पताल लेकर आए। चार दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
इधर नवविवाहिता की मौत की सूचना पर नायब तहसीलदार अस्पताल पहुंचे और पिता सहित स्वजन के बयान दर्ज किए। कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा की कार्रवाई हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।