
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: ऐतिहासिक, पुरातात्विक और धार्मिक महत्व से जुड़े सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड के रामगढ़ से लगे मोहनपुर गांव में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे गांव को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में डुबो दिया। स्कूल की बाड़ी में सब्जी लगाने के लिए खोदाई करने के दौरान जमीन के अंदर से पत्थर की श्रीराम की प्रतिमा मिली है।
साथ ही चौकोर आकार का एक पत्थर भी मिला है, जिसे पूजा विधि से जुड़ा सामान बताया जा रहा है।मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सभी की सहमति से प्रतिमा को पानी से धोया गया और सुरक्षित रखने के लिए ग्राम पंचायत के शेड में ले जाया गया। ग्रामीणों ने वहीं पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी है। रविवार को गांव में बैठक होगी, इसके बाद मूर्ति को लेकर अंतिम निर्णय किया जाएगा।
उदयपुर ब्लाक का पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर चारों ओर अहाता से घिरा हुआ है। स्कूल के पिछले हिस्से में खाली जमीन है, जहां सब्जियों की खेती की जाती है। शनिवार को स्कूल के कर्मचारी आलू और टमाटर लगाने के लिए खोदाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक मजबूत पत्थर दिखा।
जब चारों ओर व्यवस्थित तरीके से खोदाई की गई तो मिट्टी से लिपटी श्रीराम की एक प्रतिमा मिली। नजदीक में ही पत्थर का चौकोर आकार का पूजा विधि जैसा सामान भी मिला। जैसे ही गांव वालों को इस बात की खबर लगी, मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिमा पूरी तरह पत्थर की है और काफी पुरानी प्रतीत हो रही है। हालांकि यह कितनी पुरानी है, इसकी पुष्टि पुरातत्व विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल मूर्ति को सुरक्षित रखा गया है।
100 मीटर दूर बहती है रेड़ नदी
जिस स्थान पर श्रीराम की प्रतिमा मिली है, उससे करीब 100 मीटर की दूरी पर रेड़ नदी बहती है। मोहनपुर गांव रामगढ़ की पहाड़ी की तराई पर बसा हुआ है। मोहनपुर के नजदीक ही पुरातात्विक और धार्मिक महत्व से जुड़ा रामगढ़ है।रामगढ़ का नाम भगवान श्रीराम से जुड़ा माना जाता है। जनश्रुति के अनुसार वनवास के दौरान भगवान श्रीराम का इस क्षेत्र में आगमन हुआ था। इसी कारण इस पूरे क्षेत्र को धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। अब मोहनपुर में श्रीराम की प्रतिमा मिलने के बाद ग्रामीणों की आस्था और भी गहरी हो गई है।
मोहनपुर से ही लगभग तीन किलोमीटर दूर पुरातात्विक महत्व का महेशपुर है। यहां भी प्रतिमाएं मिली हैं। पुरातत्व विभाग द्वारा खोदाई कर बड़ी संख्या में मूर्तियां प्राप्त की गई हैं, जिन्हें सुरक्षित रखा गया है। लेकिन महेशपुर में श्रीराम की एक भी प्रतिमा नहीं मिली है।यही कारण है कि मोहनपुर में श्रीराम की प्रतिमा मिलने को ग्रामीण इस क्षेत्र के लिए पहली और ऐतिहासिक घटना मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि किसी जमाने में उनके पूर्वजों ने यह प्रतिमा पूजा-अर्चना के उद्देश्य से लाकर रखी होगी।
गांव वालों के अनुसार स्कूल की बाड़ी का हिस्सा पहले ग्रामीणों का पूजा स्थल ही था। बाद में वहां स्कूल बन गया और जमीन बाड़ी के रूप में उपयोग होने लगी।
मूर्ति मिलने के बाद से गांव में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे ग्राम पंचायत भवन पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं। लोगों ने फूल, अगरबत्ती और प्रसाद चढ़ाकर पूजा शुरू कर दी है।जिला पंचायत के पूर्व सदस्य मोहनपुर निवासी राजनाथ सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र पुरातात्विक महत्व से जुड़ा हुआ है। यह मूर्ति पत्थर की है। मूर्ति को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उसे सुरक्षित रखा गया है। गांव वाले पूजा-अर्चना भी आरंभ कर चुके हैं। रविवार को गांव में बैठक बुलाई गई है। ग्रामीणों की सहमति से आगे निर्णय लिया जाएगा।
सूचना पर उदयपुर रेंजर फेकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। मूर्ति को लेकर अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है।अधिकारियों का कहना है कि महेशपुर में पत्थरों की जैसी मूर्तियां मिली हैं, यह मूर्ति भी वैसी ही पत्थर की प्रतीत हो रही है।फिलहाल मूर्ति मिलने के बाद गांव में श्रद्धा का माहौल है।
ग्रामीणों की मांग है कि पुरातत्व विभाग इस प्रतिमा की जांच करे, ताकि इसकी प्राचीनता और ऐतिहासिकता स्पष्ट हो सके। वहीं रविवार की बैठक में ग्रामीण यह तय करेंगे कि प्रतिमा को वहीं स्थापित किया जाए या पुरातत्व विभाग को सौंपा जाए।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर के भैयाथान स्टेट हाईवे-12 पर 100 किमी दूर से रात में आ रहा डामर, पैचवर्क के तुरंत बाद उखड़ी सड़क