
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र के ग्राम लुरैना निवासी नवविवाहिता वर्षा यादव ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर चुकी वर्षा एमएससी करना चाहती थी। उसकी इच्छा विश्रामपुर में किराए का मकान लेकर पढ़ाई करने की थी लेकिन ससुराल वाले इसके लिए सहमत नहीं थे। इसे लेकर पति व ससुराल के अन्य लोगों से मनमुटाव के बीच वर्षा ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव (20) का विवाह एक मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। स्वजन के अनुसार 15 सितंबर को वर्षा ने पिता को फोन कर ससुराल में परेशान किए जाने की बात कही थी। 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे उसने पिता के मोबाइल पर संदेश भेजा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए।
इसके कुछ देर बाद ही दामाद अजय ने फोन कर सूचना दी कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और उसे मिशन अस्पताल अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। अस्पताल में वर्षा को आइसीयू में भर्ती किया गया था। पिता उमेश यादव का आरोप है कि उपचार के दौरान होश आने पर उसने बस इतना कहा था कि ससुराल वाले ठीक नहीं हैं। उसने अपनी चाची को मारपीट की फोटो और रिकॉर्डिंग भी सुनाई थी।
मृतका के पिता उमेश यादव ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष बेटी को प्रताड़ित करता था। उनका आरोप है कि 15 सितंबर को बेटी ने बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई और पति ने कथित तौर पर पेट पर चढ़कर गला दबाने की कोशिश की थी। पिता के मुताबिक वर्षा एमएससी की पढ़ाई करना चाहती थी और ससुराल पक्ष की सहमति से ही विवाह किया गया था। 12 अगस्त को पति उसे मायके से लुरैना मैनपाट ले गया था।
ससुराल ले जाने के बाद वर्षा की आगे की पढ़ाई जारी रखने को लेकर कोई पहल नहीं की जा रही थी जबकि वर्षा पढ़ाई में मेधावी थी। अपने पैरों पर खड़ा होना चाहती थी। ससुराल पक्ष का सहयोग नहीं मिलने, उलाहना और प्रताड़ना से वह तंग थी। उन्होंने वर्षा को जहरीला पदार्थ खिलाने का भी संदेह जताया है।
मृतका के पति अजय यादव का कहना है कि वर्षा विश्रामपुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ना चाह रही थी। उनकी इच्छा थी कि वर्षा अपने पिता के घर से आना-जाना कर पढ़ाई करे। वे किराए के मकान में रखकर पढ़ाई कराना नहीं चाहते थे लेकिन वर्षा इसके लिए तैयार नहीं हो रही थी। इसी बात को लेकर वर्षा से मनमुटाव था। उसे लगता था कि सास-ससुर भी साथ नहीं दे रहे हैं इसलिए वह सभी से नाराज रहती थी।
इधर स्थानीय पुलिस, मृतका के मायके व ससुराल पक्ष के लोगों का बयान दर्ज कर अग्रिम जांच, कार्रवाई के लिए केस डायरी कमलेश्वरपुर (मैनपाट) थाना प्रेषित करने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बिजली बिल और मोर बिजली एप की समस्या होगी दूर, रायपुर में हर गुरुवार लगेंगे शिविर