
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को एक अंक देने लायक भी नहीं है। प्रदेश में सरकार की स्थिति बेहद दयनीय है और किसान, मजदूर, युवा सहित समाज का हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। प्रदेश की सड़कों की हालत खराब है। यहां तक कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र की सड़कें भी दुरुस्त नहीं हैं। आम जनता बिजली के भारी-भरकम बिलों से परेशान है। यह आरोप छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत ने बुधवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में लगाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल वोट की चोरी नहीं कर रही, बल्कि प्रदेश के जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर भी कब्जा करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ग्रामीणों और प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है तथा उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।
उन्होंने बिजली बिल का उदाहरण देते हुए बताया कि एक उपभोक्ता से मुलाकात हुई, जिसका एक महीने का बिजली बिल 33 हजार रुपये से अधिक आया है। पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष डा चरणदास महंत, प्रभारी सचिव जरिता लैतफलांग, पूर्व मंत्री डा प्रेमसाय सिंह, अमरजीत भगत, मोहन मरकाम, जयसिंह अग्रवाल,डा शिव डहरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, शफी अहमद और डा जेपी श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
भगत ने हसदेव अरण्य में कोयला खनन और कोल ब्लाक की नीलामी को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ विधानसभा में सामूहिक निर्णय लिया गया था कि हसदेव अरण्य क्षेत्र को कोयला खनन से दूर रखा जाएगा। इसके बावजूद भाजपा सरकार के सत्ता में आते ही इस निर्णय को दरकिनार कर दिया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति या दबाव था, जिसके चलते विधानसभा के सामूहिक निर्णय के विपरीत हसदेव अरण्य को कोल ब्लाक की नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया गया।उन्होंने कहा कि 40 कोल ब्लाकों की नीलामी में हसदेव अरण्य क्षेत्र को भी शामिल किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सरकार पारंपरिक जीवनशैली, आदिवासी समुदायों के अधिकारों और पेसा कानून की भावना की अनदेखी कर रही है। सरकार की कार्यप्रणाली से ऐसा प्रतीत होता है कि वह जनता के हितों के बजाय कोयला कंपनियों और कार्पोरेट घरानों के हितों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने सवाल किया कि सरकार जनता ने बनाई है या कार्पोरेट घरानों ने।
कांग्रेस प्रभारी ने भाजपा पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान ने जो अधिकार दिए हैं, उनका हनन किया जा रहा है। संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम करने के बजाय सत्तारूढ़ दल के कार्यालय की तरह संचालित होती दिखाई दे रही हैं। लोकतंत्र में जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार है, लेकिन आज उसी मताधिकार पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। लोगों को यह तय करने का अधिकार नहीं मिल रहा कि वे अपने मत का प्रयोग कैसे करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता की कुर्सी से बड़ा संविधान और नैतिक जिम्मेदारी होती है। कांग्रेस जनता के अधिकारों पर हो रहे हमलों को उजागर करने के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में पार्टी देशभर में सड़क पर उतरकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस जनता के साथ खड़ी रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। पार्टी में कई वरिष्ठ नेता हैं और उनके अपने समर्थक भी हैं, लेकिन सभी राहुल गांधी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र है, इसलिए नेता से लेकर कार्यकर्ता तक अपनी बात स्वतंत्र रूप से रख सकते हैं। इसके विपरीत भाजपा में एक आदेश चलता है और सभी को उसके सामने झुकना पड़ता है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस में बेहतर एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।
यह भी पढ़ें- सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर रेल लाइन को विशेष रेल परियोजना में किया गया शामिल