
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: विकासखंड बतौली में शिक्षा विभाग का महत्वपूर्ण कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पिछले तीन वर्षों से रेन बसेरा में संचालित हो रहा है। कार्यालय के इस अस्थायी संचालन की स्थिति अब कई सवाल खड़े कर रही है। एक ओर शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों का संचालन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कार्यालय के पास अपना व्यवस्थित और सुरक्षित भवन तक उपलब्ध नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का पुराना भवन जर्जर हो चुका है और वर्तमान में खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच गया है। भवन की खराब हालत को देखते हुए वहां कार्यालय संचालित करना उचित नहीं रह गया, जिसके कारण बीते तीन वर्षों से कार्यालय को रेन बसेरा में स्थानांतरित कर संचालित किया जा रहा है। रेन बसेरा में कार्यालय संचालित होने के कारण पर्याप्त जगह का अभाव बना हुआ है।
कार्यालयीन दस्तावेजों के रखरखाव, कर्मचारियों के बैठने, विभागीय बैठकों तथा शिक्षकों और आम नागरिकों के कार्यों के निष्पादन में विभिन्न प्रकार की व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शिक्षा विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित कार्यालय भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 19 मौतों के जिम्मेदार कबरा हाथी को काबू करने जंगल में उतरे 'दुर्योधन' और 'तीरथराम', 17 स्कूल बंद
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल द्वारा स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो सहित जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर नए कार्यालय भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। उनके द्वारा भवन की वर्तमान स्थिति और कार्यालय संचालन में आ रही समस्याओं से भी वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया है।
कई बार प्रशासनिक स्तर पर ध्यान आकर्षित कराए जाने के बावजूद अब तक नए भवन की स्वीकृति नहीं मिल पाई है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर विकासखंड शिक्षा अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय को कब तक अस्थायी व्यवस्था के सहारे संचालित करना पड़ेगा?