17 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी को कॉलर आईडी लगाकर सुधरने का मौका देगा वन विभाग
सरगुजा में 17 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी ने दो दिन में तीन और लोगों को कुचला, वन विभाग ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाकर व्यवहार सुधारने की तैयारी में है।
Publish Date: Tue, 10 Nov 2026 04:05:41 PM (IST)Updated Date: Tue, 10 Nov 2026 04:05:41 PM (IST)
कबरा हाथीHighLights
- 17 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी।
- कॉलर आईडी लगाने की अनुमति का इंतजार।
- नहीं सुधरा तो रेस्क्यू सेंटर में कैद होगा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा,सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 17 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने की अनुमति अब तक नहीं मिल सकी है। हाथी पर लगातार नजर रखने के दावे के बीच कबरा हाथी ने तीन और लोगों की जान ले ली है। दीपावली की रात हाथी ने सूरजपुर जिले के श्यामनगर में कृष्णा राजवाड़े (51) और सोनपुर सू में मोहनलाल कंवर उर्फ मट्टू (36) की जान ले ली। इन दोनों को कुचल मार डालने के बाद हाथी विश्रामपुर से लगे कुमदा बस्ती के नजदीक बंद खदान के आसपास विचरण करता रहा।
रात को कबरा हाथी अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को पार कर कंदरई बस्ती के नजदीक पहुंच गया। समधी के घर से लौट रहे बिशुन राम (55) को भी कुचलकर मार डाला। दो दिन के भीतर हाथी ने तीन लोगों की जान ले ली।वर्तमान में हाथी सूरजपुर जिले के महंगई से लगे वन विकास निगम के जंगल में पहुंच गया है। हाथी की आक्रमकता को देखते हुए इसके विचरण क्षेत्र के नजदीक के गांवों में ग्रामीण भयभीत हैं।
वन अधिकारी लगातार दलील दे रहे हैं कि विशेष टीम को हाथी पर नजर रखने लगाया गया है लेकिन सच्चाई यह है कि जनहानि नहीं रुक रही है। आक्रामक हो चुके कबरा हाथी के विज्ञानी प्रबंधन के लिए स्थानीय स्तर पर सारी तैयारी है लेकिन वन मुख्यालय से अनुमति नहीं मिलने से इसे ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगा घने वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
कुमकी हाथी और रेडियो कालर तैयार
कबरा हाथी की आक्रामकता को कम करने के लिए स्थानीय स्तर पर सारी तैयारी कर ली गई है। कुमकी (प्रशिक्षित हाथी), महावतों और ट्रेकरों के साथ कालर आइडी तैयार रखा गया है। वन्य जीव विशेषज्ञ डा पीके चंदन,डा जयकिशोर जड़िया,डा राकेश वर्मा,डा अजीत पांडेय के साथ स्थानीय वन अधिकारी-कर्मचारी भी तैयार बैठे हैं। जैसे ही शासन स्तर से अनुमति मिलेगी, कबरा हाथी की आक्रामकता को कम करने का अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
कबरा की अकड़ कम करने यह तकनीक अपनाई जाएगी
कबरा हाथी अभी खुद को सबसे शक्तिशाली समझ रहा है। इसे इंसानों से डर नहीं है। इसलिए इंसानों को देखते ही दौड़ाता है। चूंकि हाथी बुद्धिमान जानवर माना जाता है इसलिए इसकी अकड़ को कम करने का प्रबंध सबसे पहले किया जाएगा। इसके लिए विज्ञानी तकनीक अपनाई जाएगी।यह पूरी प्रक्रिया विशेषज्ञों की देखरेख में पूरी होगी।
- प्रशिक्षित हाथी कुमकी को इसके सामने खड़ा किया जाएगा।पुराने अनुभव बताते हैं कि कुमकी के आगे ये टिक नहीं पाते। प्रशिक्षित कुमकी से शुरुआती एकाध मिनट यह संघर्ष कर सकता है लेकिन उसे हार मिलना तय है। कमजोर साबित होते ही ये पूंछ दिखाते हुए चुपचाप खड़ा हो जाएगा।
- कुमकी के आगे कबरा हाथी के कमजोर पड़ते ही विशेषज्ञों की टीम सक्रिय होगी।
- कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज किया जाएगा,उसमें कालर आइडी लगाई जाएगी।
- ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद भी हाथी खड़ा रहता है। कालर आइडी लगाने के बाद इसे सुरक्षित ले जाने की व्यवस्था होगी।
- पहले से तैयार ट्रक में कुमकी के सहयोग से ट्रेंक्यूलाइज हाथी को चढ़ाया जाएगा। परिवहन में लगने वाले समय के अनुरूप उसे दवा की डोज दी जाएगी।
- ट्रक में लोड कर उसे घने वन क्षेत्र में ले जाकर ऐसे जगह छोड़ दिया जाएगा ,जहां हाथियों का समूह विचरण करता है।
- कालर आइडी से उसके लोकेशन के आधार पर व्यवहार का अध्ययन किया जाएगा।
नहीं तो कबरा हाथी को ताउम्र कैद
लगातार इंसानों की जान ले रहे कबरा हाथी को कुमकी के सहयोग से कालर आइडी लगाकर एक बार जंगल में छोड़ा जाएगा। यदि इसके व्यवहार में परिवर्तन हुआ तो यह स्वच्छंद विचरण करता रहेगा। यदि इस विज्ञानी तकनीक के बाद भी इसका व्यवहार नहीं बदला तो इसे ताउम्र कैद की सजा मिलेगी यानी इसे पकड़ कर रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा। रेस्क्यू सेंटर में भी इसे क्राल में रखा जाएगा।
लोहे के गर्डर अथवा मोटी लकड़ियों से तैयार क्राल में जगह सिर्फ इतनी होगी कि यह सिर्फ खड़ा हो सकेगा। बतौर सजा यहां रखने के बाद यदि उसका व्यवहार बदला तो वह रेस्क्यू सेंटर में नौ और हाथियों के साथ महावतों की देखरेख में घूम फिर सकेगा अन्यथा उसे एक निश्चित दायरे में ही रहना होगा।
वर्जन
कबरा हाथी के विज्ञानी प्रबंधन के लिए सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। संबंधित जिले के डीएफओ के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी होगी। हम सारे संसाधन उपलब्ध कराएंगे। कुमकी हाथी,कालर आइडी सब कुछ तैयार हैं। पूरी उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर यह आपरेशन शुरू हो जाएगा।
डा प्रणय मिश्रा, मुख्य वन संरक्षक,वन्य प्राणी सरगुजा
वर्जन
कबरा हाथी ने दो दिन में तीन लोगों की जान ली है। इसकी आक्रामकता को देखते हुए ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है। शीघ्र ही अनुमति मिलने की संभावना है। अलग-अलग टीमें लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
विपुल अग्रवाल,वनमण्डलाधिकारी सूरजपुर