Ambikapur News: दिल्ली में फिर चमका अंबिकापुर नगर निगम का नाम
Ambikapur News: विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने कहा कि वे अपने-अपने शहरों में अंबिकापुर के स्वच्छता प्रबंधन को लागू करना शुरू कर दिया है।
By Yogeshwar Sharma
Edited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 30 Mar 2023 01:10:59 AM (IST)
Updated Date: Thu, 30 Mar 2023 01:10:59 AM (IST)

अंबिकापुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्वच्छता को लेकर अंबिकापुर माडल देश की राजधानी नई दिल्ली में फिर से चमका है।अंतरराष्ट्रीय जीरो वेस्ट दिवस के अवसर पर इंडिया है बिटेट सेंटर नई दिल्ली में भारत सरकार आवासन एवम शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित स्वच्छोतस्व कार्यशाला में आयुक्त अंबिकापुर प्रतिष्ठा ममगई ने देश के विभिन्न राज्यों से आए अधिकारियों कर्मचारियों के बीच अंबिकापुर मॉडल का शानदार ढंग से प्रस्तुतीकरण दिया। लगभग 1 घंटे तक चले सवाल-जवाब के क्रम में अंबिकापुर के मॉडल की जमकर सराहना की गई। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने भी कहा कि वे अंबिकापुर का मॉडल देखकर लौट चुके हैं अपने-अपने शहरों में उन्होंने अंबिकापुर के स्वच्छता प्रबंधन को लागू करना शुरू कर दिया है। इस उपलब्धि से अंबिकापुर नगर निगम भी उत्साहित है। इस आयोजन की खास विशेषता यह रही कि अंबिकापुर की स्वच्छता दीदी श्वेता सिन्हा को इस राष्ट्रीय कार्यशाला में न सिर्फ दीप प्रज्वलन का मौका मिला बल्कि उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन की निदेशक रूपा मिश्रा के साथ मंच भी साझा किया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्वच्छता दीदी श्वेता सिन्हा से अंबिकापुर मॉडल की जानकारी भी ली।
अंतर्राष्ट्रीय जीरोवेस्ट दिवस पर नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा स्वच्छ भारत मिशन की डायरेक्टर रूपा मिश्रा की उपस्थिति में राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इस कार्यशाला में नगर निगम अंबिकापुर के स्वच्छता प्रबंधन का मॉडल छाया रहा। विषय विशेषज्ञ के रूप में नगर निगम अंबिकापुर की आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई (आइएएस) को आमंत्रित किया गया था।निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई ने अंबिकापुर के ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन माडल पर अपना उद्बोधन दिया। पैनलिस्ट के रूप में अंबिकापुर मॉडल पर व्याख्यान पर दूसरे राज्यों से आए अधिकारियों ने कई सवाल भी पूछे उन सवालों का भी जवाब निगम आयुक्त द्वारा दिया गया अंबिकापुर में कचरा प्रबंधन के शुरुआत से लेकर अब तक के सफर की बिंदुवार जानकारी उन्होंने दी।दूसरे प्रान्तों से आये अधिकारियों ने भी खुले दिल से अंबिकापुर माडल की सराहना की।ऐसे अधिकारी जो अंबिकापुर के स्वच्छता मॉडल का अध्ययन करने यहां आ चुके हैं उन्होंने भी अपना अनुभव साझा किया। दूसरे राज्यों के अधिकारियों ने अंबिकापुर के स्वच्छता मॉडल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि अंबिकापुर से भ्रमण और अध्ययन का लौटने के बाद उन्होंने भी अपने राज्य तथा नगरीय निकायों में इसी मॉडल पर स्वच्छता प्रबंधन लागू कर दिया है।
अंबिकापुर मॉडल को आत्मसात करने दूसरे राज्यों के शहरों में हुए कार्यों के लिए भी अंबिकापुर नगर निगम की सराहना हुई।अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन को आदर्श के रूप में नई दिल्ली में प्रस्तुत किया गया। बता दें कि नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई के नेतृत्व में नगर निगम अंबिकापुर द्वारा स्वच्छता मॉडल में कई नवाचार किए जा रहे हैं उनके नेतृत्व में स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियां भी जोरों से चल रही है।
यह उपलब्धि भी मिली
राष्ट्रीय कार्यशाला में नगर निगम अंबिकापुर को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई। देशभर से आए अधिकारियों, कर्मचारियों के बीच कार्यशाला के शुभारंभ में दीप प्रज्वलन हेतु अंबिकापुर की स्वच्छता दीदी श्वेता सिन्हा को मंच पर आमंत्रित किया गया। मंच पर उनके साथ स्वच्छ भारत मिशन की डायरेक्टर रूपा मिश्र भी साथ रही। केंद्रीय मंत्री ने आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई से भी खुली चर्चा की। अंबिकापुर मॉडल पर किए गए कार्यों को लेकर जानकारी भी ली। उन्होंने अंबिकापुर माडल को दूसरे शहरों के लिए भी अनुकरणीय बताया।कार्यशाला में आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई के साथ अंबिकापुर की पांच स्वच्छता दीदी नई दिल्ली प्रवास पर है।