
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : शहर के बाबूपारा स्थित प्रकाश किराना दुकान में पिछले लगभग एक वर्ष से चल रही चोरी की चालाकी आखिरकार सीसी कैमरे में कैद हो गई। शाम के समय ग्राहक बनकर आने वाली एक महिला, दुकानदार की नजर बचाकर गल्ले से नकदी निकाल लेती थी।
दुकानदार को जब बिक्री और गल्ले की रकम में अंतर दिखने लगा, तब उन्होंने सीसी कैमरे का फुटेज खंगाला। फुटेज देखते ही उनके होश उड़ गए। चोर कोई और नहीं, बल्कि पड़ोस में रहने वाली वही महिला थी, जिस पर उन्हें कभी संदेह ही नहीं हुआ था।
बाबूपारा में सत्यप्रकाश सिंह की प्रकाश किराना दुकान है। उनकी दुकान में रोज बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं। पिछले एक वर्ष से उन्हें एक अजीब परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दुकान में बिक्री तो अच्छी हो रही थी, लेकिन शाम को गल्ला खोलने पर रकम उतनी नहीं मिलती थी, जितनी होनी चाहिए थी। पहले उन्होंने सोचा कि हिसाब में भूल हो रही होगी। धीरे-धीरे स्थिति और बिगड़ने लगी।
बिक्री के अनुपात में लाभ तो दूर, मूलधन निकलना भी बंद होने लगा। दुकानदार का माथा ठनका। उन्होंने सोचा कि जरूर कुछ गड़बड़ है। आखिर रोज की बिक्री कहां जा रही है। इसी बीच शनिवार शाम को पड़ोस में रहने वाले एक अधिवक्ता कुछ सामान लेने इसी दुकान में पहुंचे। उन्होंने बाहर से आवाज देते हुए दुकान मेें प्रवेश किया। इस दौरान वहां मौजूद महिला दुकान के गल्ले में हाथ साफ करने से पहले सतर्क हो गई लेकिन उसका हावभाव देख अधिवक्ता काे शक हुआ और उन्होंने दुकान संचालक सत्यप्रकाश को सीसी कैमरा चेक करने कहा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में इंस्टाग्राम विवाद ने पकड़ा तूल, घर पहुंचकर दो पक्षों में मारपीट, पांच महिलाएं घायल
पहले दिन के फुटेज में ही एक महिला की हरकत ने उन्हें चौंका दिया। शाम के समय वह महिला दुकान में आती थी। वह ऐसे सामानों की मांग करती थी, जिन्हें निकालने के लिए दुकानदार को पीछे मुड़कर जाना पड़ता था। जैसे ही सत्यप्रकाश सिंह पीछे मुड़कर सामान निकालने जाते, महिला झट से गल्ले में हाथ डालकर नकदी निकाल लेती और उसे अपनी साड़ी, शाल के अंदर छिपा लेती थी। उसका हाथ इतना तेज था कि सामने खड़े व्यक्ति को भी भनक तक नहीं लगती थी।
एक दिन नहीं, कई दिन कैद हुई चोरी
दुकानदार को महिला के दुकान आने का समय पता था। उसी समय के आसपास के कई दिनों का फुटेज जब उन्होंने खंगाला तो कई दिन वह महिला गल्ले से नकदी निकालते हुए कैद हो गई। धीरे-धीरे उसका हौसला बढ़ता गया और वह ज्यादा रकम चोरी करने लगी। लगातार चोरी के कारण वह बेखौफ हो चुकी थी। उसे लगता था कि कोई उसे पकड़ ही नहीं पाएगा।
जांच में पता चला कि महिला पड़ोस में ही किराए के मकान में रहती है और फुटपाथ पर सामान बेचती है। वह अक्सर शाम के समय ही दुकान में आती थी, क्योंकि उस समय गल्ले में दिनभर की बिक्री की रकम रहती थी। वह जानती थी कि शाम को दुकानदार अकेले रहते हैं और भीड़ भी रहती है। इसी का वह लाभ उठाती थी।
दुकानदार ने की शिकायत, पुलिस ने लिया हिरासत में
सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर दुकान संचालक सत्यप्रकाश सिंह ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला पहले तो टालमटोल करती रही, लेकिन जब उसके सामने सीसी कैमरे का फुटेज रखा गया तो वह चुप हो गई। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया में भी प्रसारित हो रहा है।
लोग इसे देखकर हैरान हैं कि कैसे एक महिला रोज ग्राहक बनकर आती थी और दुकानदार की आंखों के सामने ही चोरी कर लेती थी।
दुकानदार सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि यदि उन्होंने समय पर कैमरे का फुटेज नहीं देखा होता तो पता ही नहीं चलता। उन्होंने लगभग एक लाख रुपये चोरी होने की आशंका जताई है।