
नईदुनिया न्यूज,रामानुजनगर: दुर्भावनावश जहरीला खरपतवार नाशक दवा का अत्यधिक मात्रा में छिड़काव किए जाने से किसान का थरहा झुलस जाने तथा खेत का पानी पीने से गांव के एक अन्य किसान के बैल की मृत्यु मामले में शिकायत के 24 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता हसनैन पिता शमशेर खान निवासी त्रिपुरेश्वरपुर थाना रामानुजनगर ने बताया कि मेरे संयुक्त स्वामित्व की कृषि भूमि में धान का थरहा किया गया था जो रोपाई के लिए तैयार हो चुका था। जिसमें गांव के ही गफ्फार अली ,आरिफ अली,आशिफ अली एवं असरफ अली ने पुरानी रंजिश व भूमि विवाद के कारण दुर्भावनावश उक्त थरहा में अत्यधिक मात्रा में खरपतवार नाशक जहरीली दवा डाल दिया गया। जिसके प्रत्यक्षदर्शी गवाह भी हैं।
उस खरपतवार नाशक दवा की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसके अगले दिन सुबह करीब आठ बजे गांव के किसान गणपत पिता सुंदर का बैल उक्त खेत का पानी पीने के बाद तुरंत ही दम तोड़ दिया तथा रोपाई के लिए तैयार थरहा भी झूलसकर मर गया। इस घटना से मुझे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गणपत पिता सुंदर का कृषि कार्य योग्य मूल्यवान बैल भी मृत हो गया है।
यह भी पढ़ें- बिश्रामपुर में करोड़ों के रेलवे ओवरब्रिज की खुली पोल, उद्घाटन के कुछ समय बाद ही जर्जर हुई सड़क की सतह
किसान हसनैन रजा ने बताया कि दुर्भावना पूर्ण तरीके से जानबूझकर किए गए इस घटना की जानकारी लगने पर मेरे द्वारा 29 जुलाई को थाना रामानुजनगर पहुंच कर घटना के संबंध में शिकायत पत्र देकर आरोपितों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की मांग की गई थी किंतु शिकायत के 24 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।