
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिश्रामपुर: स्कूल से पिता के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार दोपहर बिश्रामपुर-सूरजपुर हाइवे पर केशवनगर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ने से पीछे चल रही बाइक उससे टकरा गई। हादसे में बाइक सवार छात्रा ट्रैक्टर ट्राली के पहिए के नीचे आ गई।
सिर और गले में गंभीर चोट लगने से उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इकलौती बेटी की मौत की खबर से सूरजपुर नवापारा स्थित उसके घर में चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार सूरजपुर नवापारा निवासी पंकज जैन चौरड़िया की 13 वर्षीय पुत्री रिद्धिमा जैन नगर के कार्मेल कान्वेंट स्कूल में सातवीं की छात्रा थी। शुक्रवार को वह अपने पिता के साथ बाइक से स्कूल आई थी। दोपहर करीब 12 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद पिता-पुत्री बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बिश्रामपुर-सूरजपुर हाईवे पर केशवनगर गांव के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 14 सीडब्ल्यू 5992 के चालक लकेश्वर ने कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक अचानक ट्रैक्टर मोड़ दिया। अचानक सामने आए ट्रैक्टर से पीछे चल रही बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद रिद्धिमा सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर ट्राली के पहिए के नीचे आ गई। हादसे में उसके सिर और गले में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों ने मौके पर तोड़ा दम
इकलौती संतान की मौत से उजड़ गई खुशियां
रिद्धिमा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। जिस बेटी को पिता स्कूल छोड़ने और लेने जाते थे, उसी के साथ घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। बेटी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की खबर मिलते ही स्वजन और परिचितों की भीड़ घर पर जुट गई। शुक्रवार शाम गमगीन माहौल में मुक्तिधाम में रिद्धिमा का अंतिम संस्कार किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर बिश्रामपुर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक लकेश्वर के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।