
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर सोमवार को सड़क किनारे चार दिन से खराब हालत में खड़े सरिया लोड ट्रेलर ने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी। सूरजपुर जिले की तारा पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे एक भारी वाहन ने सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क पर ही फंस गए। कुछ देर बाद पीछे से आया एक तीसरा वाहन भी इन दोनों वाहनों से जा भिड़ा।
तीन वाहनों की टक्कर के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हादसे में एक वाहन चालक घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना के बाद देखते ही देखते अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहनों के साथ बड़ी संख्या में कार, यात्री बस और अन्य छोटे वाहन भी जाम में फंस गए। स्थिति यह रही कि यात्रियों को घंटों सड़क पर ही रुकना पड़ा। तारा पुलिस चौकी से लेकर दुर्घटनास्थल की ओर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। दूसरी ओर भी वाहनों की कतार लगातार बढ़ती गई।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर के स्कूल में द्विअर्थी गाने पर छात्र-छात्राओं के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ प्रसारित
दोपहर तक नहीं हट सके दुर्घटनाग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही सूरजपुर जिले की तारा पुलिस चौकी और कोरबा जिले की जटगा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का प्रयास शुरू किया। लेकिन सरिया लोड ट्रेलर के सड़क पर फंसे होने के कारण यातायात बहाल करने में काफी समय लग गया। दोपहर करीब दो बजे ट्रेलर को किसी तरह मस्कट कर सड़क से हटाया गया। इसके बाद छोटे चार पहिया वाहनों को धीरे-धीरे निकालना शुरू किया गया। करीब एक घंटे बाद भारी वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो सकी।
इस तरह सुबह करीब सात बजे से दोपहर बाद तक करीब सात घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान सड़क के दोनों हिस्सों में सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम में फंसे यात्री और वाहन चालक गर्मी तथा परेशानी के बीच घंटों सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
तारा में ही रोक दिए गए वाहन
दुर्घटना के बाद जाम और अधिक लंबा न हो, इसके लिए तारा पुलिस ने अंबिकापुर की ओर से बिलासपुर -रायपुर जाने वाले वाहनों को तारा चौकी के पास ही रोक दिया था। इसके बावजूद चौकी से लेकर करीब एक किलोमीटर तक छोटे-बड़े वाहनों की कतार लग गई। पुलिस की ओर से वाहनों को नियंत्रित कर एक-एक कर निकालने का प्रयास किया गया। मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण यातायात सामान्य होने में काफी समय लगा।
चार दिन से खराब खड़ा था ट्रेलर
स्थानीय लोगों के अनुसार रायपुर से जिस सरिया लोड ट्रेलर के कारण दुर्घटना हुई, वह पिछले करीब चार दिनों से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खराब हालत में खड़ा था। सड़क किनारे इस तरह भारी वाहन के लंबे समय तक खड़े रहने के बावजूद उसे हटाने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को पीछे से आए भारी वाहन की टक्कर के बाद यह ट्रेलर बीच सड़क पर फंस गया और देखते ही देखते तीन वाहनों की दुर्घटना के साथ लंबा जाम लग गया।
हाईवे पेट्रोलिंग की मोबाइल वैन पर उठे सवाल
राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब वाहनों और दुर्घटनाओं के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग की मोबाइल वैन की व्यवस्था है। इसके बावजूद चार दिनों से सड़क किनारे खराब खड़े ट्रेलर को हटाने की दिशा में समय रहते कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार को दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मोबाइल वैन मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो चुकी थी। मौके पर तारा और जटगा चौकी की पुलिस ही यातायात को नियंत्रित करने और वाहनों को हटवाने में जुटी रही।
खराब वाहनों का सड़क किनारे खड़ा रहना बना खतरा
राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर बड़ी संख्या में भारी वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सड़क किनारे खराब वाहन लंबे समय तक खड़े रहने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। खासकर रात के समय तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के चालकों को सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। सोमवार की दुर्घटना ने एक बार फिर इस समस्या को सामने ला दिया है। लोगों का कहना है कि हाईवे पर खराब होने वाले वाहनों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि वे दूसरे वाहन चालकों के लिए खतरा न बनें।
बेलगाम रफ्तार भी बन रही हादसों की वजह
राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार भी दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है। हाइवा और ट्रेलर चालक कई स्थानों पर तेज गति से वाहन चलाते हैं। मोड़, ढाल और घाट वाले हिस्सों में तेज रफ्तार के कारण वाहन नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सड़क पर खराब या खड़ा वाहन मिल जाने पर दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। सोमवार की घटना में भी सड़क किनारे पहले से खराब खड़े ट्रेलर और पीछे से आ रहे भारी वाहनों की टक्कर ने यातायात को कई घंटे के लिए रोक दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए खराब वाहनों को तत्काल हटाने, हाईवे पेट्रोलिंग को सक्रिय रखने और भारी वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत महसूस की जा रही है।