
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने का विज्ञापन देखकर एक व्यक्ति साइबर ठगों के जाल में ऐसा फंसा कि उसका बैंक खाता ही ठगी का जरिया बन गया। कोतवाली पुलिस ने म्यूल अकाउंट के मामले में आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खातों का उपयोग देश के चार राज्यों में साइबर ठगी के लिए किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपित विकास लकड़ा पिता सुरेश लकड़ा (40) निवासी लक्ष्मीपुर तेन्दुपारा अंबिकापुर ने पूछताछ में पूरी कहानी बताई।जुलाई-अगस्त 2024 में फेसबुक पर उसे एक विज्ञापन दिखा। विज्ञापन में कहा गया था कि पांच रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलेंगे। लालच में आकर उसने उस पर संपर्क किया। इसके बाद एक अज्ञात कॉलर ने फोन किया। कॉलर ने खुद को भारतीय रिजर्व बैंक का अधिकारी बताया।
फर्जी अधिकारी के कहने पर आरोपित ने अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक में और सितंबर 2024 में केनरा बैंक में खाते खुलवाए। दोनों खातों में सामने वाले द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराया गया।इतना ही नहीं, वेरिफिकेशन के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक के एटीएम कार्ड कूरियर के माध्यम से भिवाड़ी, राजस्थान के पते पर भेज दिए गए। इसके बाद ठगों से संपर्क बंद हो गया। तब आरोपित ने अपने खातों में अपना नंबर जुड़वाया।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के अनुसार फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले प्वाइंट ऑफ सेल्स और म्यूल अकाउंट खाताधारकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई के संबंध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए थे।दस्तावेजों के अवलोकन पर पाया गया कि संबंधित म्यूल खातों के विरुद्ध साइबर पुलिस पोर्टल में आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज है।
उक्त खातों में अवैध राशि छलपूर्वक प्राप्त करने के लिए सिम और बैंक खाते का उपयोग षड्यंत्रपूर्वक किया गया था। इस पर थाना कोतवाली धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान आरोपित के पास से दोनों बैंकों की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त की गई। आरोपित के विरुद्ध अपराध के साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह भी पढ़ें- सीतापुर में चार साल के मासूम की स्कूल में पिटाई, पीठ पर उभरे छड़ी के निशान, परिजन भड़के