बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक के आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय भीड़ ने पीटा, चेहरे पर कालिख पोती
बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक के आरोपियों पर न्यायालय जाते समय भीड़ ने हमला किया। पुलिस ने दोनों को बचाकर जेल भेजा। छात्रा की दायीं आंख क्षतिग्रस्त हु...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 07 Oct 2026 09:30:19 AM (IST)Updated Date: Wed, 07 Oct 2026 09:30:19 AM (IST)
बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक का मामला। (नईदुनिया)HighLights
- एसिड अटैक के दोनों आरोपियों पर भीड़ ने हमला किया।
- लोगों ने आरोपियों के चेहरे पर कालिख पोतकर मारपीट की।
- पुलिस ने हेलमेट पहनाकर दोनों आरोपियों को जेल पहुंचाया।
नईदुनिया न्यूज, बालोद : जिला न्यायालय में पेशी के दौरान मंगलवार को पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी पर एसिड अटैक के 20 वर्षीय आरोपियों यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम पर भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस दोनों आरोपियों का मुंडन कराने के बाद जुलूस के रूप में थाने से न्यायालय तक पैदल ले जा रही थी।
घड़ी चौक पर पहुंचते ही आरोपियों को देखकर भीड़ भड़क गई। आक्रोशित लोगों ने दोनों के चेहरे पर कालिख पोत दी और मारपीट की। लोगों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग करते हुए नारेबाजी की। छात्र-छात्राओं में भी घटना को लेकर आक्रोश नजर आया।
भीड़ से बचाकर हेलमेट पहनाकर भेजा जेल
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाकर आगे बढ़ाया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जेल भेजते समय पुलिस ने दोनों को हेलमेट पहनाकर वाहन तक पहुंचाया। वहीं, जिले के वकीलों ने आरोपियों की पैरवी करने से इन्कार कर दिया है।
दूसरे युवक से बातचीत करने पर रची साजिश
- पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी पीड़ित छात्रा और आरोपियों यश सोनकर ई-लाइब्रेरी में पढ़ते थे। उनका डेढ़ साल से परिचय था। छात्रा की दूसरे युवक से बातचीत से यश नाराज रहता था। इसके बाद उसने अपने स्कूल के दोस्त बीजापुर निवासी करण कुंजाम के साथ मिलकर करीब तीन महीने पहले एसिड अटैक की साजिश रची।
करण को 26 सितंबर को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया गया था। दोनों ने अगले दिन दुर्ग से एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान हमला करने की तैयारी की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण योजना टाल दी। दायीं आंख की रोशनी गई, एक हाथ भी जला
पांच अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान करण ने सिंचाई कालोनी के पास उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई। उसका चेहरा बुरी तरह झुलस गया, दायीं आंख की रोशनी चली गई और एक हाथ भी जल गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोंडागांव से हुई गिरफ्तारी, पुलिस ने कराया रिक्रिएशन
- घटना के बाद करण मौके से भागकर तांदुला डैम की ओर चला गया। एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। संदेह के आधार पर यश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें साजिश का राजफाश हुआ।
- इसके बाद पुलिस ने करण की तलाश शुरू की और उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मंगलवार को दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। करण से वारदात का रिक्रिएशन कराया गया। उसने बताया कि किस तरह छात्रा पर एसिड फेंका और किस रास्ते से भागा।