
नईदुनिया न्यूज, भटगांव। ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र परिवारों को पक्का आवास देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (आवास प्लस 2.0) का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को 12,210 आवासों का लक्ष्य मिला है।
अब तक 2,568 पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हुए हैं, जो लक्ष्य का 21.03 प्रतिशत है। प्रतिदिन औसतन 500 से 700 आवास मंजूर किए जा रहे हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू योजना की नियमित समीक्षा कर अधिकारियों को पात्र प्रकरणों की अंकीय प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश दे रही हैं।
पात्र प्रकरणों का सत्यापन जारी
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में आवास शाखा और मैदानी अमला पंजीयन, आवास स्थल के भू-अंकन तथा सत्यापन की निगरानी कर रहा है। मंगलवार तक बरमकेला में लक्ष्य के मुकाबले 24 प्रतिशत, सारंगढ़ में 21 प्रतिशत और बिलाईगढ़ में 18 प्रतिशत आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। शेष पात्र प्रकरणों का सत्यापन जारी है।
यह भी पढ़ें- दस महीने से निलंबित डीएसपी कल्पना वर्मा की बहाली की तैयारी, पुलिस मुख्यालय ने आगे बढ़ाई प्रक्रिया
स्वीकृति प्रक्रिया पूरी तरह अंकीय और पारदर्शी है। हितग्राहियों से भौतिक दस्तावेजों की प्रति नहीं ली जाती। आठ जांच बिंदुओं में आवास स्थल का भू-अंकन, रोजगार कार्ड का मिलान और सत्यापन, बैंक खाते से आधार का जुड़ाव, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के आंकड़ों से आधार का मिलान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और शहरी के पूर्व लाभ की पुनरावृत्ति जांच, इलेक्ट्रॉनिक पहचान का सत्यापन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से अंतिम जांच शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 11 लाख ग्रामीणों को मिला संपत्ति का अधिकार, 11,912 गांवों में स्वामित्व योजना पूरी
जिला प्रशासन के समन्वय और नियमित निगरानी से मंजूरी कार्य में तेजी आई है। शेष पात्र परिवारों को लाभ देने और लक्ष्य हासिल करने के प्रयास जारी हैं।