
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलौदाबाजार। जिले की 21 वर्षीय होनहार कु. शिवांशी केसरवानी ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। वे केसरवानी समाज की पहली कमर्शियल पायलट बनी हैं। उनकी इस सफलता से परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
कैप्टन शिवांशी ने अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैक्रामेंटो के उन्नत विमानन प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त किया। इसके बाद अब वे कैप्टन शिवांशी केसरवानी के नाम से जानी जाएंगी। विदेश में प्रशिक्षण लेने से पहले उन्होंने मुंबई के एक एविएशन प्रशिक्षण संस्थान में करीब एक वर्ष तक मौसम की जानकारी, टेकऑफ, लैंडिंग, फ्लाइट सेफ्टी और विमान संचालन से जुड़े तकनीकी विषयों का प्रशिक्षण लिया।
शिवांशी नितेश केसरवानी और भावना केसरवानी की सुपुत्री तथा नरेंद्र (नंदू) केसरवानी और शोभा केसरवानी की पौत्री हैं। उनकी सफलता के पीछे उनका दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और परिवार का सहयोग प्रमुख कारण माना जा रहा है।
शिवांशी की इस उपलब्धि पर केसरवानी समाज, नगर के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने कहा कि शिवांशी की सफलता प्रदेश और देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि मेहनत और लगन के बल पर बेटियां किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बस छूटने के बाद तीन वर्षीय बेटे के साथ झोपड़ी में रुकी महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपित गिरफ्तार