नईदुनिया न्यूज, बालोद: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मंगलवार को बालोद पहुंचे। जहां वे पं. प्रदीप मिश्रा के बेटे पंडित राघव मिश्रा द्वारा नगर के माहेश्वरी भवन में आयोजित शिव पुराण कथा में शामिल हुए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने दुर्ग में नन की गिरफ्तारी पर कहा कि मामले की तह तक जाने की जरूरत है। दुर्ग में नन की गिरफ्तारी को लेकर नईदुनिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर किरण सिंह देव ने कहा कि इस मामले को समझने के लिए प्रयास करना पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को इस मामले को राजनीतिक तूल देने की जरूरत नहीं है। कुछ दिनों में सच सामने आएगा। केरल से आए भाजपा महामंत्री पर उन्होंने कहा कि रायपुर जाकर केरल से आए भाजपा महामंत्री से मुलाकात करने के बाद ही आगे कुछ कहा जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन साहू व कृष्णकांत पवार, अकबर तिगाला, कमल पनपालिया, प्रतिभा चौधरी, कमलेश सोनी, सहित अन्य भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व अन्य लोग मौजूद रहे।
बीते दिनों दो नन को जीआरपी ने दुर्ग रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया था। दोनों नन के साथ तीन लड़कियां भी थीं। ये लड़कियां नारायणपुर जिले की थीं। इस दौरान बजरंग दल ने नन पर लड़कियों की तस्करी कर मतांतरण का आरोप लगाया था। इस बीच रेलवे स्टेशन पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मामले का जमकर विरोध किया था। वहीं पुलिस ने लड़कियों को बरामद कर सखी सेंटर भेज दिया था।