
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलरामपुर: बलरामपुर जिले के पस्ता थानांतर्गत डौरा चौकी पुलिस ने हत्या के एक मामले का कुछ घंटों में राजफाश करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने पूर्व से चले आ रहे अवैध संबंध के विवाद में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर उसके सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पुलिस ने महिला और उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार अनीम अंसारी पिता स्व. सेराज अंसारी, निवासी ग्राम कोदोरा, चौकी डौरा ने दो अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी शाम छह बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी से गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर स्वजन और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन तीन अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे वसीम की एक्टिवा स्कूटी मक्का बाड़ी के पास मिली। काफी तलाश के बाद भी वसीम का पता नहीं चला।
शिकायत पर चौकी डौरा पुलिस ने धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चार अक्टूबर की शाल पुलिस को सूचना मिली कि गांव के भीतर चिल्का उबका जंगल में नाला के पास गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों तथा गुमशुदा वसीम के भाई से पहचान कराई। मृतक की पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में सोशल मीडिया वॉर, यूट्यूबर ने भाजपा नेता पर दर्ज कराया एसटी-एससी का केस
काफी तलाश के बाद सोमवार को मृतक वसीम का धड़ दूसरे स्थान से बरामद किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेहियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में संदेही मनबासो पति सोनू खैरवार (25) और उसके पति सोनू खैरवार (30), दोनों निवासी ग्राम कोटडीह, चौकी डोरा से महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार मनबासो का मृतक वसीम अंसारी से पूर्व से अवैध संबंध था।
महिला ने मोबाइल कर युवक को मिलने बुलाया
पुलिस के मुताबिक दो अक्टूबर की शाम करीब सात बजे मनबासो ने वसीम को मोबाइल फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। वसीम के वहां पहुंचने के बाद पूर्व नियोजित तरीके से मनबासो और उसके पति सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद अपराध छिपाने के उद्देश्य से दोनों ने वसीम के सिर और धड़ को काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।