
नईदुनिया प्रतिनिधि, बलरामपुर: बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थानांतर्गत शराब की लत और नशे में उपजा मामूली विवाद एक हंसते-खेलते परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसका दर्द लंबे समय तक बना रहेगा। पति-पत्नी दोनों शराब के नशे में थे। खाना नहीं बनाने की बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा और गुस्से में पत्नी ने लोहे के बाट से पति के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में पति की जान चली गई।
वारदात के बाद पत्नी फरार हो गई। अब हत्या के आरोप में गिरफ्तार पत्नी को भी जेल जाना पड़ा है। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि महिला का एक छोटा बच्चा है, जिसे गोद में लेकर वह जेल पहुंची। एक तरफ पिता की मौत हो गई तो दूसरी तरफ मां भी उससे दूर हो गई। शराब के नशे में हुई एक घटना ने मासूम के सिर से माता-पिता दोनों का साया छीन लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 15 नवंबर की रात की है। प्रभात कुम्हरिया अपनी पत्नी राजपति कुम्हरिया (32) के साथ गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गया था। दिनभर काम करने के बाद दोनों शाम को शराब पीकर घर लौटे। नशा अधिक होने के कारण राजपति ने खाना नहीं बनाया। इस पर प्रभात ने खुद भोजन तैयार किया। खाना बनाने के बाद जब वह पत्नी को बुलाने गया तो इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
गुस्से में प्रभात ने पत्नी के गाल पर तीन-चार थप्पड़ मार दिए। पति की मारपीट से आक्रोशित राजपति ने घर में रखे लोहे के बाट से उसकी बाईं आंख के ऊपर माथे पर वार कर दिया। इसके बाद धक्का देने से प्रभात लकड़ी की चौकी से टकराकर गिर पड़ा। वारदात के बाद पत्नी दूसरे कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद प्रभात भी उसके पास आकर सो गया। सुबह करीब चार बजे राजपति ने पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 12 साल की बच्ची ने दर्ज कराई आपत्ति, हेडमास्टर की जमानत खारिज
मामले में 16 नवंबर को रामदेव कुम्हरिया की रिपोर्ट पर त्रिकुंडा थाने में बीएनएस की धारा 103(1) में अपराध दर्ज किया गया था। घटनास्थल के निरीक्षण, गवाहों के बयान और जब्ती से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजपति को गिरफ्तार कर लिया। उसे रामानुजगंज के जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शराब के नशे में शुरू हुआ कुछ थप्पड़ों और गुस्से का विवाद अंततः एक जान जाने और दूसरी जिंदगी सलाखों के पीछे पहुंचने पर खत्म हुआ। इस घटना की सबसे बड़ी कीमत उस मासूम को चुकानी पड़ रही है।