
नईदुनिया न्यूज, रामानुजगंज: जिला शिक्षा विभाग में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर जांच शुरू होने के बाद अब स्कूली सामग्री की आनन-फानन में सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिन सामग्रियों के लिए दिसंबर में राशि का आहरण किया गया था, उनकी आपूर्ति अगस्त में शिकायत और जांच के बाद की जा रही है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मार्च 2026 में फर्नीचर, स्टेशनरी और स्वच्छता सामग्री सहित विभिन्न मदों के लिए राशि का आहरण किया गया, लेकिन इसके बावजूद जिले के कई विद्यालयों तक अब तक पूरी सामग्री नहीं पहुंच सकी है। अब जांच की आंच तेज होने के बाद सामग्री वितरण में तेजी दिखाई जा रही है। मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि शिकायत सामने नहीं आती और जांच टीम का गठन नहीं होता, तो क्या इन सामग्रियों का वितरण अब भी इसी तरह लंबित रहता? सूत्रों का दावा है कि शिकायत और जांच के बाद विभागीय स्तर पर अचानक सामग्री वितरण को लेकर सक्रियता बढ़ी है।
खुद को बचाने के लिए प्रमाण पत्र जुटाने का आरोप
मामले में यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि प्रभारी डीईओ मनीराम यादव द्वारा सीएससी एवं संस्था प्रमुखों से सामग्री उपलब्धता के प्रमाण पत्र लिए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। सवाल यह है कि यदि सामग्री समय पर विद्यालयों में पहुंची थी, तो उसके वितरण और उपलब्धता के प्रमाण अब आनन-फानन में क्यों जुटाए जा रहे हैं?
यह भी पढ़ें- घर की चारदीवारी से सीएससी सेंटर तक का सफर, लक्ष्मनिया बनीं सूरजपुर की लखपति दीदी
करोड़ों के आहरण पर गुणवत्ता भी सवालों के घेरे में
स्कूली सामग्री की खरीदी और करोड़ों रुपये के कथित आहरण के बीच सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विद्यालयों में पहुंचाई जा रही सामग्री निर्धारित मापदंडों के अनुरूप है या नहीं, इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। आखिर इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद कई विद्यालयों में सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित क्यों नहीं हो सकी?
रविवार को भी आदेश-निर्देश, दबाव बनाने की कोशिश
मामले को लेकर विभागीय हलकों में यह भी चर्चा है कि रविवार जैसे अवकाश के दिन भी बीईओ के माध्यम से आदेश-निर्देश जारी कर संस्था प्रमुखों पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ है तो यह भी जांच का विषय है कि अवकाश के दिन आदेश जारी करने की आवश्यकता आखिर क्यों पड़ी?
जांच के बीच बढ़ी विभागीय हलचल
एक तरफ करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच चल रही है, वहीं दूसरी तरफ संबंधित सामग्री की आपूर्ति, प्रमाण पत्र और विभागीय आदेशों को लेकर तेजी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। अब निगाहें जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
पूरे मामले में निष्पक्ष जांच के दौरान आहरण की तारीख, खरीदी की तारीख, बिल-वाउचर, स्टॉक रजिस्टर, सप्लाई चालान, विद्यालयवार वितरण और सामग्री की वास्तविक गुणवत्ता का मिलान किया जाना जरूरी है। तभी स्पष्ट होगा कि सरकारी राशि के उपयोग में नियमों का पालन हुआ या नहीं।