
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : मसीरा गांव की लक्ष्मनिया के लिए आत्मनिर्भरता का मतलब सिर्फ अपनी कमाई करना नहीं, बल्कि गांव में ऐसी सुविधा खड़ी करना भी है जिसके लिए कभी लोगों को कई किलोमीटर दूर भैयाथान या बसदेई जाना पड़ता था। कुछ वर्ष पहले तक घर की चारदीवारी और चूल्हा-चौका ही उनकी दुनिया थी। आज वही लक्ष्मनिया अपने सीएससी सेंटर में बैठकर ग्रामीणों के बैंकिंग से लेकर बिजली बिल भुगतान तक के काम कर रही हैं। अपनी मेहनत से उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी खरीदी और पक्का मकान भी बनवाया। अब वे गर्व से कहती हैं कि मैं लखपति दीदी हूं।
लक्ष्मनिया ने वर्ष 2021 में बैंक मित्र के रूप में काम शुरू किया। शुरुआत में यह उनके लिए केवल रोजगार का माध्यम था, लेकिन धीरे-धीरे यही काम उनके आत्मविश्वास और पहचान का आधार बन गया। करीब दो वर्ष तक बैंक मित्र के रूप में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2023 में उन्होंने बीसी सखी की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान वे क्लस्टर के माध्यम से वृक्षारोपण जैसे कार्यों से भी जुड़ीं। अलग-अलग गतिविधियों में भागीदारी से उनका दायरा बढ़ा और घर की जिम्मेदारियों के साथ आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी भी मजबूत होती गई।
गांव में ही मिलने लगी बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं
आज लक्ष्मनिया का अपना सीएससी सेंटर है। यहां ग्रामीणों को नगद जमा-निकासी, बैंक खाता खोलने, एग्रीस्टैक, पीएम किसान, बिजली बिल भुगतान और मोबाइल रिचार्ज जैसी सेवाएं मिल रही हैं। गांव में यह सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस काम ने लक्ष्मनिया की आमदनी बढ़ाने के साथ गांव में उनकी उपयोगिता और पहचान भी बढ़ाई। अब वे केवल अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहभागी नहीं हैं, बल्कि गांव के लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों में भी मददगार बन गई हैं।
यह भी पढ़ें- हाय रे सरगुजा गीत पर जर्जर सड़क पर नाचे सामाजिक कार्यकर्ता, शासन-प्रशासन पर खड़े किए सवाल
सहयोग मिला तो सपनों को भी मिली रफ्तार
बीसी सखी के रूप में काम शुरू करने के लिए शासन की ओर से मिले सहयोग, शून्य प्रतिशत ब्याज पर 60 हजार रुपये की सहायता तथा बैंक लिंकेज और क्लस्टर के माध्यम से कम ब्याज दर पर मिले ऋण ने उनके काम को विस्तार देने में मदद की। इसी आर्थिक मजबूती का नतीजा है कि उन्होंने अपनी कमाई से इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी खरीदी और पक्का मकान बनवाया।
लक्ष्मनिया दीदी कहती हैं कि कभी उन्हें लगता था कि घर से बाहर निकलकर कोई काम करना उनके लिए आसान नहीं होगा। लेकिन अवसर मिला तो उन्होंने जिम्मेदारी उठाई और धीरे-धीरे खुद पर भरोसा करना सीखा। वे कहती हैं कि बिहान से जुड़ने के बाद मुझे आगे बढ़ने का अवसर मिला। शासन के सहयोग और मुख्यमंत्री विष्णु भैया की योजनाओं से आज मैं लखपति दीदी बन पाई हूं। अब मुझे अपने फैसले खुद लेने का आत्मविश्वास है।