ओडिशा से बिहार जा रही पिकअप का 'गुप्त चेंबर' डिकोड: ऊपर से सामान्य गाड़ी, नीचे था 50 लाख से ज्यादा का गांजा
बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने पिकअप में गुप्त चेंबर बनाकर ओडिशा से बिहार ले जाए जा रहे 109 किलो से अधिक गांजे को जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत 50 लाख ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 06:12:43 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 06:12:43 PM (IST)
50 लाख से अधिक का गांजा बरामद, बक्सर का तस्कर गिरफ्तारHighLights
- पिकअप के डाले के नीचे विशेष बॉक्स बनाकर छिपाया गया था गांजा।
- बिहार के बक्सर जिले का रहने वाला आरोपी योगीराज पुलिस के हत्थे चढ़ा।
- बलरामपुर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई यह बड़ी कार्रवाई।
नईदुनिया प्रतिनिधि,बलरामपुर: अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप में विशेष रूप से तैयार गुप्त चेंबर में छिपाकर ओडिशा से बिहार ले जाया जा रहा 109.235 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। मामले में बिहार के एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपित योगीराज पिता ऐशन शाह (29) निवासी ग्राम कतिकनार वार्ड क्रमांक पांच थाना नवानगर जिला बक्सर बिहार का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार तस्करों ने पिकअप क्रमांक जेएच 10 एक्यू 5144 के डाले के नीचे बॉक्सनुमा गुप्त चेंबर तैयार कराया था। चेंबर को इस तरह बनाया गया था कि ऊपर से देखने पर सामान्य पिकअप लगे। तलाशी के दौरान डाला ऊपर उठाकर अलग किया गया तो नीचे बना गुप्त चेंबर मिला, जिसमें 100 पैकेट में गांजा भरा हुआ था। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 109.235 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में जिले में ओडिशा से बिहार की ओर होने वाली गांजा तस्करी पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
बलरामपुर कोतवाली पुलिस को चार-पांच दिन पहले तकनीकी माध्यम से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप बिहार ले जाने की तैयारी हो रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संभावित मार्गों पर मुखबिर सक्रिय कर कड़ी निगरानी की जा रही थी।
24 सितंबर की मध्य रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो पिकअप में भारी मात्रा में गांजा ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर अंबिकापुर की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप को रोका और बारीकी से तलाशी ली तो गुप्त चेंबर का राजफ़ाश हुआ।
आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल पूरे सिंडिकेट पर एंड टू एंड कार्रवाई की जाएगी और अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।