बलरामपुर में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर काली साड़ी और काला चश्मा पहन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन के तीसरे दिन काली साड़ी व काला चश्मा पहनकर प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 06:37:27 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 06:37:27 PM (IST)
काला चश्मा और काली साड़ी पहन कर प्रदर्शन करती आंगनबाड़ी कार्यकर्ताHighLights
- आंदोलन के तीसरे दिन मनाया काला दिवस, निकाली विशाल रैली।
- नियमितीकरण, पदोन्नति और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की मांग।
- मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की दी चेतावनी।
नईदुनिया प्रतिनिधि,बलरामपुर :आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जुझारू संघ के बैनर तले अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का तीन दिवसीय आंदोलन जारी है। आंदोलन के तीसरे दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाते हुए शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
आंदोलनरत कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, सीधी पदोन्नति तथा सेवानिवृत्ति के बाद एकमुश्त 10 लाख रुपये की राशि प्रदान करना शामिल है। तीसरे दिन कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में शराब ने उजाड़ दिया परिवार, मासूम बच्चे सहित जेल पहुंची मां
संघ की जिला सचिव तरूलता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में सपना गाईन सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल रहीं। कार्यकर्ताओं ने शासन से उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।