
नईदुनिया प्रतिनिधि, बस्तर: देउरगांव से मोंगरापाल मार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक एक युवक की मौत का कारण बन गई। नगर पंचायत कार्यालय से आगे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर बिजली पोल के सपोर्टिंग तार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंगाधर कश्यप (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घाट धनोरा निवासी गंगाधर अपने ससुराल चोलनार जा रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत कार्यालय से आगे तेज मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक सीधे बिजली पोल को सहारा देने वाले तार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क किनारे जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बस्तर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्तर अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ की चोरी में रायपुर पुलिस नाकाम, आरोपियों के फुटेज जारी कर मांगी मदद, 31 अक्टूबर को हुई थी चोरी