_20261019_2322_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। किरंदुल-कोत्तावालसा रेललाइन (केके) के कोरापुट रेलखंड के बहाल होने में भी और कुछ दिनों का समय लगेगा। जिसे देखते हुए रेलवे ने बस्तर की सभी यात्री ट्रेनों के रद एवं स्थगित रखने की अवधि 28 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी है।
पहले 21 अक्टूबर तक की अवधि तय की गई थी। माना जा रहा था कि रेललाइन की मरम्मत का काम पूरा हो जाएगा पर ऐसा नहीं हो पाया। बता दें कि, 23 सितंबर से 26 सितंबर के बीच ओड़िशा में अति बारिश से कोरापुट रेलखंड में मल्लीगुड़ा-क्षत्रीपुट-जरती के बीच चार स्थानों पर भू-स्खलन के कारण रेलमार्ग को क्षति पहुंची है।
रेल लाइन बहाल करने में लग रहा समय
जिसके बाद से ही रेललाइन की मरम्मत का काम चल रहा है लेकिन नुकसान इतना अधिक है कि लाइन बहाल करने में समय लग रहा है। रायगढ़ा रेलमंडल मुख्यालय से सोमवार को जारी बुलेटिन में बताया गया कि विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 28 अक्टूबर तक रद रहेगी।
कोरापुट-जगदलपुर के बीच रेल यात्री सेवा बंद रहेगी
दूसरी ओर इस अवधि तक हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन का संचालन कोरापुट तक और 58502 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर का परिचालन कोरापुट तक जारी रहेगा। कोरापुट-जगदलपुर के बीच रेल यात्री सेवा बंद रहेगी।