नईदुनिया न्यूज, गौरेला। जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की जांच करने पहुंचे वन विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वन विभाग की कार्रवाई से नाराज होकर आरोपित ने वनकर्मी सूर्यकांत रात्रे के साथ विवाद करते हुए मारपीट की थी।
जांच करने पहुंची थी वन विभाग की टीम
घटना 24 अक्टूबर 2026 की है। प्रार्थी सूर्यकांत रात्रे (36), निवासी सारबहरा कुर्रीपारा, थाना गौरेला, उस दिन अंधियारखोह परिसर में भ्रमण पर थे। इसी दौरान वन परिक्षेत्र अधिकारी गौरेला को सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की लकड़ी कटाई की सूचना मिली।
सूचना पर वनकर्मी सूर्यकांत रात्रे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर जांच करने पहुंचे। वन विभाग की टीम ने मौके पर लकड़ी कटाई से संबंधित जानकारी जुटाई। आवश्यक कार्रवाई के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।
इसके बाद पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जांच पूरी कर जब वनकर्मी वापस लौट रहे थे, तभी दर्री निवासी रूद्र प्रसाद मांझी उर्फ रूदुर मांझी वहां पहुंच गया।
कार्रवाई को लेकर विवाद, वरकर्मी को पीटा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, आरोपित ने वन विभाग की कार्रवाई को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उसने सूर्यकांत रात्रे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि आरोपित ने वनकर्मी का हाथ और गर्दन पकड़कर हमला किया।
इस दौरान उनकी वर्दी के बटन टूट गए और गर्दन पर नाखून से खरोंच के निशान आ गए। आरोपित पर जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप है। घटना के बाद सूर्यकांत रात्रे ने थाना गौरेला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपित रूद्र प्रसाद मांझी के खिलाफ अपराध क्रमांक 475/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 121(1), 132 तथा एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई
मामले की जानकारी थाना प्रभारी गौरेला ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी। एसपी मनोज कुमार खिलारी ने आरोपित को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान दर्ज किए।
मामले से जुड़े अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए। विवेचना और पूछताछ के बाद पुलिस ने दर्री निवासी रूद्र प्रसाद मांझी उर्फ रूदुर मांझी (43) को 16 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पहले भी आरोपित पर दर्ज हो चुका है अपराध
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ इससे पहले भी अपराध क्रमांक 297/2026 में मारपीट और धमकी देने से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। उस प्रकरण में भी उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज के मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।