
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। मतांतरण के मुद्दे के बीच भिलाई में रविवार को एक सकारात्मक पहल सामने आई, जहां यूथ सिख सेवा समिति द्वारा “मानव सेवा माधव सेवा” के तहत एक परिवार की सिख पंथ में घर वापसी करवाई गई। यह कार्यक्रम गुरुद्वारा हरगोबिंद साहिब, कैंप-2 में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू, गुरुद्वारा हरगोबिंद साहिब कैंप-2 के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चावला एवं छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के महासचिव गुरनाम सिंह कूका सिंह ने की। इस अवसर पर स्त्री सत्संग जत्था कैंप-1 एवं कैंप-2 की महिलाओं की भी विशेष उपस्थिति रही।
बताया गया कि संबंधित परिवार ने पूर्व में पारिवारिक परिस्थितियों या प्रलोभनवश मतांतरण किया था, लेकिन सिख धर्म के सिद्धांतों और मानव सेवा की भावना से प्रभावित होकर पुनः सिख पंथ को अपनाया। कार्यक्रम के दौरान रागी कमलजीत सिंह द्वारा कीर्तन किया गया, वहीं ग्रंथी सतविंदर सिंह ने अरदास की। इसके बाद मुखवाक लिया गया और सभी को सिरोपाव देकर सम्मानित करते हुए घर वापसी करवाई गई।
यूथ सिख सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह, महासचिव जसवंत सिंह सैनी एवं कैंप-2 के महासचिव हरपाल सिंह (हैप्पी) ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति आगे भी ऐसे लोगों की सहायता करेगी, जो किसी कारणवश धर्म परिवर्तन कर चुके हैं और वापस अपने मूल पंथ में आना चाहते हैं।
समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की परिस्थितियों को समझते हुए उनकी हर संभव मदद की जाएगी और इस तरह के सेवा कार्य आगे भी जारी रहेंगे। इस अवसर पर मीत प्रधान गुलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं स्त्री सत्संग जत्था की माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।