
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। इंटरनेट मीडिया पर फोटो बनाने और AI से उसमें बदलाव कराने का शौक लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। लोग अपनी सामान्य तस्वीरों को नया लुक देने के लिए अलग-अलग AI प्लेटफार्म पर अपलोड कर रहे हैं। कई बार इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तस्वीरें भी साइबर ठगों के हाथ लग जाती हैं। इसके बाद इन तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक फोटो तैयार किए जाते हैं। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर लोगों से रुपए वसूले जा रहे हैं।
भिलाई-दुर्ग में पिछले आठ महीने के दौरान इस तरह की ब्लैकमेलिंग के 12 मामले सामने आए हैं। जामुल थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा तीन मामले दर्ज हुए हैं। वहीं सुपेला में दो और उतई व मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक-एक मामला सामने आया है। अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की शिकायतें मिली हैं।
छावनी थाना क्षेत्र में जुलाई में ऐसा ही मामला सामने आया था। आरोपित ने एक युवती की इंटरनेट मीडिया से तस्वीर निकालकर AI की मदद से एडिट कर दी। इसके बाद इंटरनेट पर तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने 24 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें- MP-CG के जंगलों का असली सुपरफूड! लेकिन अब इस आदिवासी थाली पर नूडल्स-चिप्स का कब्जा