भिलाई में बहन से फोन करवाकर मिलने बुलाया, फिर भाई-साथियों ने घोंपा चाकू
भिलाई में युवती से फोन पर बातचीत के शक में उसके भाई और साथियों ने साजिश रचकर युवक विवेक सिंह कुर्रे को सुपेला के गदा चौक बुलाया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल युवक खुद स्कूटी चलाकर अस्पताल पहुंचा। वैशाली नगर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 10:06:47 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 10:06:47 AM (IST)
भिलाई के सुपेला में चाकूबाजी का शिकार युवक विवेक सिंह कुर्रे (बाएं)। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया (दाएं)।HighLights
- चार-पांच दिन पहले हुई थी पहचान, मिलने के बहाने गदा चौक पर बिछाया जाल
- पेट, सिर और पीठ पर किए कई वार, शरीर में घुसा चाकू खुद निकालकर पहुंचा अस्पताल
- वैशाली नगर पुलिस ने देर रात दबिश देकर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। युवती से फोन पर बातचीत करने के शक में उसके भाई और साथियों ने साजिश रचकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवती ने अपने भाई के कहने पर युवक को मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया था। युवक के पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाकर बैठे तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया और कमर, सिर, पेट तथा पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह अपनी स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अस्पताल पहुंचकर जान बचाई। मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने देर रात तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
मिलने के बहाने बुलाकर बिछाया जाल
घायल युवक की पहचान विवेक सिंह कुर्रे (30 वर्ष) के रूप में हुई है। यह वारदात शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। विवेक के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई थी और चार-पांच दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद युवती ने उसे मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया। विवेक का कहना है कि वह युवती को बहन मानकर मिलने गया था और उसे हमले का जरा भी अंदेशा नहीं था। जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, युवती के भाई और उसके साथियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया।
शरीर में लगा चाकू खुद निकालकर पहुंचा अस्पताल
विवेक ने बताया कि हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसके सिर, पेट, कमर और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। हमले के बीच खुद को बचाते हुए वह किसी तरह स्कूटी स्टार्ट कर वहां से भागा। घाव इतना गहरा था कि शरीर में लगा चाकू उसने खुद बाहर निकाला और सीधे सुपेला के सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
तीन संदिग्ध पुलिस हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस हरकत में आई और देर रात दबिश देकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती के भाई को अपनी बहन और विवेक की बातचीत का पता चल गया था, जिसके बाद उसने साथियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।