आबकारी आरक्षक की बेटी बनी थी अफसर, अब कांकेर में रिश्वतखोरी ने डुबोई साख
सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल कर जीएसटी सहायक आयुक्त बनीं अंचला गिरी को एसीबी ने कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा है। घर पर दबिश के दौरान उन्होंने नोट नाली में फेंक दिए थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर जेल भेज दिया गया है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:49:01 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:49:01 AM (IST)
दफ्तर की कुर्सी पर बैठीं जीएसटी सहायक आयुक्त अंचला गिरी (बाएं), एसीबी की गिरफ्तारी के बाद (मध्य) और दबिश के दौरान नाली में फेंकी गई रिश्वत की रकम (दाएं)।HighLights
- आबकारी आरक्षक की बेटी ने सीजीपीएससी परीक्षा में हासिल की थी 21वीं रैंक
- अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच करने और लेनदेन के लगे गंभीर आरोप
- कबाड़ वाहन छोड़ने के बदले मांगी थी घूस, बिचौलिए सीए के साथ भेजी गईं जेल
सतीश पांडेय, नईदुनिया, रायपुर। सामान्य आर्थिक परिस्थितियों के बीच पढ़ाई कर सीजीपीएससी की परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल करने वाली अंचला गिरी ने सरकारी अफसर बनने का सपना पूरा किया था। एक आबकारी आरक्षक की बेटी का जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त तक पहुंचना परिवार के लिए बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एसीबी के ट्रैप में गिरफ्तारी ने उनकी उपलब्धियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है।
आबकारी आरक्षक की बेटी ने संघर्ष से पाई थी सफलता
अंचला गिरी मूलतः अंबिकापुर की रहने वाली हैं। उनके पिता अजय गिरी आबकारी विभाग में आरक्षक हैं, जबकि मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। परिवार की सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि के बावजूद अंचला ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और सीजीपीएससी-2021 में 21वीं रैंक हासिल की। उनकी इस सफलता को परिवार की मेहनत और संघर्ष का परिणाम माना गया। हालांकि, अब रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तारी ने इस सफलता की चमक फीकी कर दी है।
सोनवानी कार्यकाल की विवादित पीएससी परीक्षा से हुआ था चयन
अंचला के चयन का एक पहलू सीजीपीएससी की विवादित भर्ती प्रक्रिया से भी जुड़ता है। सीजीपीएससी भर्ती घोटाले के आरोपी टामन सिंह सोनवानी के कार्यकाल में हुई 2021-22 की भर्ती प्रक्रिया के दौरान उनका चयन आयकर विभाग में लेखा अधिकारी के पद पर हुआ था। बाद में वह जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त बनीं। हालांकि, उनके चयन में किसी तरह की अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकार क्षेत्र से बाहर जांच का मामला
सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले ही अंचला का रायपुर से कांकेर तबादला हुआ था। आरोप है कि इसके बाद वह निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच कर रही थीं। जगदलपुर डिवीजन में ई-वे बिल की जांच के लिए नौ नंबर की अलग टीम गठित है। इसमें डीसी शंकर सिंह जानसन, एसटीओ रिपुदमन चंद्रा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अंचला की कथित गतिविधियों की जानकारी इस टीम को क्यों नहीं हुई।
रायपुर में भी शिकायत की चर्चा
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, रायपुर में पदस्थापना के दौरान भी उनके खिलाफ लेनदेन से जुड़ी शिकायत मंत्री और विभागीय आयुक्त तक पहुंची थी। तब समझाकर मामला शांत करा दिया गया था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कांकेर में तीन लाख रुपये के कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये मांगने का आरोप है। कबाड़ कारोबारी शोएब रंगरेज की शिकायत पर शनिवार को एसीबी ने कार्रवाई की। आरोप है कि घर पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते समय अंचला ने नोट नाली में फेंक दिए थे। एसीबी ने रकम बरामद कर अंचला गिरी और बिचौलिए सीए इमरान मेमन को गिरफ्तार किया। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।