
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई-चरोदा नगर निगम के करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बने शॉपिंग मॉल की खाली दुकानों को अब किराये पर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री पालिका बाजार योजना के अंतर्गत निर्मित इस व्यावसायिक परिसर में कुल 141 दुकानें बनाई गई हैं।
कई चरणों में नीलामी के प्रयास के बावजूद अब तक केवल 52 दुकानें ही नीलाम हो सकीं। शेष दुकानों को किराये पर संचालित करने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने के बाद निगम प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर निगम के अनुसार ग्राउंड फ्लोर की दुकानों का मासिक किराया 3,500 रुपये और प्रथम तल की दुकानों का किराया 3,000 रुपये रखा गया है। दुकानदारों को छह माह की अग्रिम राशि भी जमा करनी होगी। शापिंग माल में छह बड़े हाल का निर्माण भी कराया गया है। इन हाल का उपयोग बैंक, मैरिज पार्टी सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है।
शॉपिंग मॉल में लोगों की आवाजाही बढ़ाने के लिए निगम प्रशासन ने यहां रजिस्ट्री कार्यालय भी शुरू कराया है। इसके बाद परिसर में लोगों का आना-जाना बढ़ा है। वहीं, नीलामी में दुकानें लेने वाले कुछ कारोबारियों ने अपनी दुकानें शुरू कर दी हैं।
यह भी पढ़ें- दुर्ग के प्लांट में ठेकेदार के ऊपर गिरा 1600 डिग्री सेल्सियस पिघलता लोहा, इलाज के दौरान मौत