भिलाई में मजाक के दौरान भड़का विवाद, युवक के पेट में घोंपा चाकू, शराब पीने के दौरान हुई वारदात
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चरोदा में बुधवार देर रात शराब पीने के दौरान मजाक को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 12:05:33 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 12:05:33 PM (IST)
चाकू से युवक पर जानलेवा हमला, फोटो प्रतीकात्मकHighLights
- भिलाई में शराब पीने के बाद विवाद
- युवक ने चाकू से किया जानलेवा हमला
- हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई वारदात
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चरोदा में बुधवार देर रात शराब पीने के दौरान मजाक को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। विवाद बढ़ने पर युवक ने किचन में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से दूसरे युवक के पेट में चार-पांच बार वार कर दिए।
घायल को डायल-112 की मदद से सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपित अविनाश मगरवंशी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता डी. आदित्य राव ने बताया कि उसका छोटा भाई डी. अनिवेश राव ने रात करीब 2.56 बजे उसे फोन कर घटना की जानकारी दी। अनिवेश चरोदा हाउसिंग बोर्ड स्थित दुर्गेश पनागर के घर अपने परिवार को छोड़ने गया था।
मजाक में भड़का विवाद
परिवार को छोड़ने के बाद दुर्गेश के कहने पर वह वहीं रुक गया। इसके बाद दुर्गेश, उसके साले अविनाश मगरवंशी और अनिवेश ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान अविनाश और अनिवेश आपस में मजाक कर रहे थे। मजाक के दौरान अनिवेश के कुछ कहने पर अविनाश नाराज हो गया।
सब्जी काटने वाले चाकू से वार
आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए किचन में रखा सब्जी काटने का चाकू उठाया और अनिवेश के पेट पर लगातार चार-पांच वार कर दिए। हमले के बाद अनिवेश लहूलुहान हो गया। उसने पेट के ऊपर कपड़ा बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने पर आदित्य मौके पर पहुंचा तो उसका भाई खून से लथपथ हालत में मिला।