भिलाई में आठ म्यूल खाताधारकों पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई... पासबुक, एटीएम और मोबाइल फोन जब्त
दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लिए अपने बैंक खाते ठगों को देने वाले आठ म्यूल खाताधारकों पर कार्रवाई कर पासबुक, एटीएम और मोबाइल जब्त किया।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 10:35:15 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 10:35:15 PM (IST)
भिलाई-दुर्ग में आठ म्यूल खाताधारकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई।HighLights
- भिलाई-दुर्ग में आठ म्यूल खाताधारकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई।
- 5 से 15 हजार कमीशन लेकर ठगों को देते थे खाते।
- पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम और मोबाइल फोन जब्त।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई: साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए अपने और दूसरों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले आठ म्यूल खाताधारकों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपित पांच से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड,चेकबुक और मोबाइल सिम साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये से अधिक की संदिग्ध राशि का लेन-देन सामने आया है। पुलिस ने आरोपितों से संबंधित बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नेवई,छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान थाना नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से जुड़े छह और छावनी क्षेत्र के आइसीआइसीआई बैंक से जुड़े दो खाताधारकों की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपित एजेंटों के माध्यम से बैंक खाताधारकों से संपर्क करते थे।
इसके बाद कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम हासिल कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा करने, अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने और रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता था।
मामले में जिन आठ खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उसमें टोमन डहरे(44) स्टेशन मरोदा नेवई, अभय मिश्रा(28) बाबादीप सिंह नगर, हरीशंकर सारथी(28)चंडी मंदिर कुआ चौक के पास दुर्ग, चेतन मांझी(32) अंबेडकर आवास जोरातराई उतई, देवराज साहू (25) बोरसी ,बिसेक शर्मा (31) न्यू खुर्सीपार,अखिलेश सिंह(32) वर्ष फौजी नगर जामुल और अक्षय सक्सेना(28) निवासी मिनाक्षी नगर बोरसी दुर्ग शामिल है।मामले में पुलिस बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।