
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई: खुर्सीपार थाना क्षेत्र के जोन क्रमांक तीन में चिट्टा की अवैध बिक्री के मामले में पुलिस ने आरोपित रबेल सिंह(26) निवासी गोकुल नगर जामुल,गौरव अहिरवार(21) निवासी बाबादीप सिंह नगर वैशाली नगर को गिरफ्तार किया है। सितंबर माह में हुई इस घटना में पुलिस दो अपचारी बालक सहित 11 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में अब तक 13 आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं।
प्रकरण के मुताबिक 19 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक तीन, जीरो स्ट्रीट स्थित जसबीर कौर के मकान में चिट्टा की अवैध बिक्री की जा रही है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा। तलाशी में 70.460 ग्राम चिट्टा, चिट्टा बिक्री की नकद रकम 238000 रुपये, सोने के 19 आभूषण, चांदी के आभूषण और बर्तन, मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रानिक तराजू बरामद किए गए। शुरुआती कार्रवाई में 29.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त हुई थी।
मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी शुरू की ।आरोपितों के बयान और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारियां कीं। इसी कड़ी में 24 नवंबर को रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से नकदी, दो मोबाइल फोन और हुंडई आइ-20 कार सहित 10.73 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई।पुलिस ने बताया कि आरोपित स्कूल,कालेज के युवाओं से चिट्टा की खरीद-बिक्री कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- वन्यजीवों के लिए रेल पटरियां बन रहीं काल, बालाघाट में बाघ शावक के बाद अब उमरिया में ट्रेन से कटकर भालू की मौत
मंडला से गिरफ्तार हुआ फरार आरोपित
प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा की अवैध बिक्री के मामले में फरार चल रहे आरोपित वैभव सोनी(25) को सुपेला पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। आरोपित जामुल के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना 18 जुलाई 2026 को हुई थी। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग लाल रंग की कार में कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में चिट्टा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर सुपेला पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) और मोहम्मद फैजान (27) को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपितों के कब्जे से कुल 8.85 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की कार क्रमांक सीजी 07 सीवी 3587 जब्त की गई थी। प्रकरण में शामिल आरोपित वैभव सोनी फरार हो गया था।