
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। सीमित संसाधनों के बीच अपने सपनों को साकार करने वाली कुम्हारी की छात्रा रिया साहू ने कक्षा 12वीं की प्रावीण्य सूची में चौथा स्थान हासिल किया है। उन्होंने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। रिया कुम्हारी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कर्ष अंग्रेजी माध्यम स्कूल की छात्रा हैं। सफलता की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में खुशी का माहौल छा गया।
रिया के पिता राकेश साहू दोपहिया वाहनों के मैकेनिक हैं और किराए की दुकान में काम करते हैं, जबकि उनकी माता रिंकी साहू गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद रिया ने अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उल्लेखनीय है कि वह इससे पहले कक्षा 10वीं की परीक्षा में भी टॉप-10 में स्थान बना चुकी हैं।
रिया ने बताया कि उनका लक्ष्य जेईई परीक्षा उत्तीर्ण कर आईआईटी में प्रवेश लेना और आगे चलकर डेटा साइंटिस्ट बनना है। इसके लिए वे लगातार मेहनत कर रही हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल के अलावा घर पर भी वे प्रतिदिन 6 से 7 घंटे अध्ययन करती थीं। रिया साहू का कहना है कि दृढ़ संकल्प, नियमित मेहनत और परिवार के सहयोग से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- CG Board Toppers List 2026: रिजल्ट में दिखा बेटियों का दम, 10वीं में संध्या-परीरानी और 12वीं में जिज्ञासु बनी टॉपर
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता, शिक्षकों और परिवार को दिया। पिता ने पढ़ाई में सहयोग करते हुए नोट्स तैयार कराने में मदद की, वहीं कठिन विषयों में शिक्षकों से मार्गदर्शन मिला। तीन भाई-बहनों में रिया सबसे बड़ी हैं। उनसे छोटी बहन अनन्या साहू और भाई ओम साहू है। पढ़ाई के साथ-साथ रिया को नृत्य और संगीत में भी रुचि है।