
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। दुर्ग जिले के मरोदा रेलवे स्टेशन यार्ड के पास शुक्रवार सुबह यात्री ट्रेन में आईईडी विस्फोट और एक बोगी के पटरी से उतरकर पलटने के अलर्ट पर एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन, मेडिकल वैन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीएसपी दमकल और डायल-108 की टीमें महज 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गईं। आपातकालीन स्थिति में विभिन्न एजेंसियों की तत्परता और आपसी समन्वय को परखने के लिए रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा यह संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। विस्फोट की सूचना और सायरन की आवाज से कुछ देर के लिए आसपास के लोगों में भी कौतूहल और हलचल का माहौल रहा।
शुक्रवार सुबह 11:15 बजे विस्फोट का अलर्ट जारी होने के साथ ही इस संयुक्त अभ्यास की शुरुआत हुई। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त बोगी के अंदर यात्रियों के फंसे होने का दृश्य तैयार किया गया था। राहत दल ने तत्काल बचाव कार्य शुरू करते हुए आधुनिक कटर की सहायता से बोगी की लोहे की चादर काटी और अंदर फंसे डमी यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद गंभीर रूप से घायलों को मौके पर ही प्राथमिक इलाज देकर स्ट्रेचर के जरिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजने की पूरी प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
यह भी पढ़ें- आजादी के बाद पहली बार रावघाट पहुंची ट्रेन, छत्तीसगढ़ में ताड़ोकी और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज लाइन पर दो नई ट्रेनें शुरू
इस पूरे बचाव अभियान में रेलवे और एनडीआरएफ के साथ एसडीआरएफ दुर्ग, बीएसपी दमकल, स्वास्थ्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी सहित छह से अधिक प्रमुख एजेंसियों के जवानों ने हिस्सा लिया। एनडीआरएफ थर्ड बटालियन के इंस्पेक्टर अबीर साहू ने बताया कि उनकी टीम भिलाई पावर हाउस स्टेशन के पास कैंप कर रही थी और सूचना मिलते ही जवानों ने मरोदा पहुंचकर एसडीआरएफ के साथ संयुक्त मोर्चा संभाला। अभ्यास के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- चलती ट्रेन में शातिर ने इस तरह की चोरी, एक लाख के जेवर और रुपये कर दिए पार
रायपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने कहा कि इसे केवल मॉक ड्रिल के बजाय संयुक्त अभ्यास कहना अधिक उचित होगा। उन्होंने बताया कि वास्तविक रेल दुर्घटना या आपदा के समय त्वरित राहत पहुंचाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है। इस तरह के अभ्यास से जमीनी स्तर पर तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलती है।