भिलाई में चलती ट्रेन से मोबाइल लूटने के प्रयास में डंडे के हमले से गिरा यात्री, उपचार के दौरान मौत
भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में चलती ट्रेन से मोबाइल लूटने के दौरान डंडे के हमले से एक यात्री नीचे गिर गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 08:16:35 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 08:16:35 PM (IST)
भिलाई l मारपीट में घायल यात्री जिसका इलाज के दौरान मौत हो गई lHighLights
- खुर्सीपार के शिवाजीनगर रेलवे ट्रैक के पास हुई वारदात।
- इंटरसिटी एक्सप्रेस में सफर कर रहे युवक की गई जान।
- पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो नाबालिगों को पकड़ा।
नईदुनिया प्रतिनिधि,भिलाई: चलती ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल फोन लूटने के प्रयास के दौरान मारपीट किए जाने से एक यात्री की मौत हो गई। घटना 27 नवंबर को खुर्सीपार थाना क्षेत्र के शिवाजीनगर रेलवे ट्रैक के पास हुई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 नवंबर को सुबह करीब 11.45 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 12856 शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास से गुजर रही थी। ट्रेन में महाराष्ट्र के अमरावती जिले के ग्राम पोस्ट सुरजी, थाना अंजनगांव निवासी मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25) सफर कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद दो बालकों ने उनका मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल छीनने के दौरान एक बालक द्वारा यात्री को हाथ से थप्पड़ मारा गया तथा दूसरे बालक द्वारा डंडे से वार किया गया। इस दौरान यात्री मोबाइल सहित ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से यात्री को गंभीर चोटें आई,उसे घायल अवस्था में सुपेला अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 309(4), 309(6) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेनों में खिड़की के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल छीनने का प्रयास करते थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी करते थे।