
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई : हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग ने सेमेस्टर परीक्षा-2026 (दिसंबर-जनवरी 2026-27) के लिए परीक्षा आवेदन की समय-सारणी जारी कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयीन अध्ययनशालाओं में अध्ययनरत स्नातकोत्तर एवं विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के पात्र छात्र-छात्राएं आनलाइन परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, परीक्षार्थी एक दिसंबर 2026 तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा आवेदन भर सकेंगे। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ आवेदन भर सकेंगे। परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भरे जाएंगे। शुल्क का भुगतान इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड एवं क्रेडिट कार्ड से किया जा सकेगा।
विलंब शुल्क के साथ आवेदन की समय-सीमा
निर्धारित अंतिम तिथि के बाद परीक्षा आवेदन करने पर 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के चांटीडीह में छात्रावास बाउंड्री विवाद, राजस्व-निगम की संयुक्त टीम ने किया सीमांकन
हार्ड कापी जमा करने की तिथियां भी तय
आनलाइन परीक्षा आवेदन भरने के बाद विद्यार्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कापी समस्त आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय में नौ दिसंबर तक जमा करनी होगी। महाविद्यालयों को विद्यार्थियों से प्राप्त आवेदन पत्रों की हार्ड कापी, परीक्षा शुल्क का विवरण, गोशवारा, न्यूमेरिकल रिटर्न प्रपत्र, आनलाइन रोल लिस्ट, आनलाइन वेरिफाइड लिस्ट एवं स्टूडेंट काउंट समरी सहित संबंधित परीक्षा केंद्र में 10 दिसंबर तक जमा करना होगा। वहीं, संबंधित परीक्षा केंद्रों द्वारा सभी परीक्षा आवेदन फार्म विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 12 दिसंबर निर्धारित की गई है।
इन कक्षाओं के विद्यार्थी भरेंगे परीक्षा फार्म
समय-सारणी के अंतर्गत एमए, एमएससी, एमए/एमएससी होम साइंस, एमकाम, एमएसडब्ल्यू, एमलिब, बीपीएड एवं एमएड के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के मुख्य, एटीकेटी एवं भूतपूर्व परीक्षार्थी शामिल हैं। इसके अलावा डीसीए, पीजीडीसीए एवं पीजी डिप्लोमा इन योगा एंड फिलासफी के प्रथम सेमेस्टर, बीबीए नान एनईपी के प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर, एलएलबी के प्रथम, तृतीय एवं षष्ठम सेमेस्टर तथा एलएलएम के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के परीक्षार्थी भी आवेदन कर सकेंगे। एलएलबी एवं एलएलएम के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के एटीकेटी परीक्षार्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा। बीएड तृतीय सेमेस्टर के मुख्य, एटीकेटी एवं भूतपूर्व परीक्षार्थी भी परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
त्रुटि सुधार महाविद्यालय में निःशुल्क
विश्वविद्यालय ने परीक्षा आवेदन पत्र में होने वाली गलतियों के सुधार के लिए भी व्यवस्था की है। छात्र-छात्राएं अपने संबंधित महाविद्यालय के आईडी के माध्यम से परीक्षा फार्म में त्रुटियों का सुधार निःशुल्क करा सकेंगे। यदि कोई विद्यार्थी त्रुटि सुधार के लिए सीधे विश्वविद्यालय पहुंचता है, तो उसे 120 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षार्थी को 30 रुपये अग्रेषण शुल्क संबंधित महाविद्यालय में जमा करना होगा। इसके लिए महाविद्यालय द्वारा रसीद प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय अग्रेषण शुल्क के अलावा विद्यार्थियों से किसी अन्य प्रकार का शुल्क नहीं ले सकेंगे।