
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: सीपत रोड चांटीडीह स्थित अनुसूचित जाति बालक आश्रम और पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की बाउंड्री वाल के अंदर नाला निर्माण कर दीवार तोड़ने की तैयारी और सड़क चौड़ीकरण विवाद के बीच गुरुवार को राजस्व व नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन की नापजोख की।
कलेक्टर के आदेश पर गठित टीम ने खसरा नंबर 561/4 (हास्टल भूमि) व संलग्न खसरों का सीमांकन किया, लेकिन इस पूरी कार्रवाई में प्रशासन की दोहरी नीति और दस्तावेजी विरोधाभास खुलकर सामने आ गया है। साइंस कालेज से चांटीडीह सब्जी मंडी मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा करने के नाम पर प्रशासन द्वारा छात्रावास परिसर की बाउंड्री के भीतर नाला बनाया जा रहा है और नाला निर्माण के बाद सुरक्षा दीवार को तोड़ा जाना है।
दूसरी तरफ इसी मार्ग से लगे शासकीय धरसा मार्ग खसरा नंबर 551, रकबा 0.0890 हेक्टेयर पर अवैध कब्जा करने वालों को छोड़ दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक सरकंडा द्वारा 26 नवंबर को होने वाले सीमांकन के लिए छात्रावास अधीक्षकों व संलग्न निजी भूमि खसरा नंबर 560 व 559 के भूमि स्वामियों को नोटिस जारी किया गया था।
हैरानी की बात यह है कि जिस खसरा नंबर 551 की शासकीय सड़क पर कब्जे की पुष्टि खुद राजस्व टीम 23 मई 2026 को कर चुकी है, उन 9 कब्जाधारियों को इस सीमांकन प्रक्रिया में नोटिस तक जारी नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर के यदुनंदन नगर में बेकाबू कार ट्रांसफार्मर के नीचे घुसी, पोल क्षतिग्रस्त होने से दो घंटे बिजली ठप
लोक निर्माण विभाग के रिकॉर्ड में 80 फीट दर्ज है सड़क
स्थानीय नागरिकों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए दस्तावेजों में 23 अप्रैल 2025 को लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता द्वारा जारी प्रमाण पत्र और 12 अक्टूबर 2026 को जन सूचना अधिकारी से मिली जानकारी संलग्न है। इसके अनुसार सरकारी अभिलेखों में यह मार्ग 80 फीट चौड़ा दर्ज है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि खसरा नंबर 551 की सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटा दिया जाए, तो पूरी चौड़ाई मिल जाएगी और छात्रावास की दीवार तोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
24 नवंबर 2026 को इन्हें जारी हुआ था सीमांकन नोटिस
23 मई 2026 की जांच में ये 9 कब्जाधारी मिले, पर नोटिस नहीं
वर्जन...
हमारी टीम ने राजस्व के साथ मिलकर आज सीमांकन की प्रक्रिया कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
खजांची कुम्हार, अपर आयुक्त नगर निगम
वर्जन
-- गुरुवार को आधा सीमांकन ही हो पाया है, शुक्रवार को भी नापजोख जारी रहेगी। पूरा एरिया बड़ा है इसलिए दूर से चांदा-मुनारा देखकर मिलान किया जा रहा है। जिन 9 कब्जाधारियों को नोटिस नहीं देने का आरोप लगाया जा रहा है, यदि उससे जुड़ा कोई लिखित दस्तावेज हमारे पास दिया जाता है तो हम उसकी जांच कर दिखवा लेंगे।
आकांक्षा त्रिपाठी, एसडीएम बिलासपुर