
संजय कुमार शर्मा, उमरिया। प्रदेश में रेलवे ट्रैक वन्यजीव गलियारों (कॉरिडोर) को प्रभावित कर रहे हैं। ट्रेनों की चपेट में आने से वन्यजीवों की मौत हो रही है। पिछले हफ्ते बालाघाट में रेलवे ट्रैक पर बाघ शावक की मौत हुई थी, जबकि सोमवार को उमरिया जिले में एक भालू ट्रेन से कट गया। उमरिया, सीधी समेत लगभग सभी टाइगर रिजर्व के बीच या बाहरी हिस्से से लंबी रेल लाइन गुजरती है।
श्योपुर के कूनो से लगभग 188 किलोमीटर लंबी लाइन, संजय धुबरी में 27.5 किलोमीटर का ट्रैक और रातापानी में बुधनी-मिडघाट व बुधनी-बरखेड़ा रेल लाइन वन्यजीवों को प्रभावित करती हैं। पेंच-कान्हा टाइगर रिजर्व से लगभग 58 किलोमीटर लंबा रेलवे ट्रैक गुजरता है। बांधवगढ़ और छत्तीसगढ़ के अचानकमार बाघ कॉरिडोर के बीच कटनी-बिलासपुर रेलखंड पर कई तेंदुए, बाघ और अन्य वन्यजीवों की मौत हो चुकी है।
बांधवगढ़-संजय धुबरी के बीच की रेल लाइन से छत्तीसगढ़ का गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व का कॉरिडोर भी प्रभावित है। वर्ष 2015 में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए संयुक्त सर्वे हुआ था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
वर्ष 2022 में सीधी में बाघिन की ट्रेन से मौत के बाद ट्रैक के दोनों ओर फेंसिंग का निर्णय लिया गया, पर अमल नहीं हुआ। वन्य प्राणी प्रेमी नरेंद्र बगड़िया के अनुसार, ट्रेन और हॉर्न की तेज आवाज से वन्यजीव विचलित होकर रास्ता भटकते हैं। अचानक ट्रेन आने पर वे भागते हुए उसकी चपेट में आ जाते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में 8 बाघों की मौत से 10 राज्यों में अलर्ट, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की रोकथाम को लेकर सरिस्का में मंथन
पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समिता राजौरा ने बताया कि मिडघाट और बालाघाट अधिक संवेदनशील हैं। घटनाएं नियंत्रित करने के लिए कमेटी बनाई गई है, जो रेलवे अधिकारियों के साथ घटनास्थलों का निरीक्षण और संवेदनशील क्षेत्रों में गति सीमा की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जंगल के बड़े क्षेत्र में रेलवे ट्रैक फैले होने से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।