_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिलाई। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 18 अक्टूबर की रात दो मोटर साइकिलों की टक्कर में 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। दुर्घटना 32 बंगला चौक के पास रात करीब नौ बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंत पगारे अपने परिचित विनोद सागर (36) और राजेंद्र ध्रुव (46) के साथ दो पहिया सीजी-07 एलबी 9389 पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल सीजी 07 बीएल 3209 वहां पहुंची।
दो पहिया वाहन को बचाने में हुआ हादसा
बताया गया कि दूसरी मोटरसाइकिल का चालक सामने आए दो पहिया वाहन से बचने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटर साइकिलों को नुकसान पहुंचा। बसंत के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि उनके साथी विनोद सागर और राजेंद्र ध्रुव भी घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- रायपुर- कुरूद और रायपुर-रावघाट के लिए आज से मिलेगी सीधी ट्रेन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी
दूसरे चालक को भी चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बसंत पगारे की मौत हो गई। बसंत सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। हादसे के बाद एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कुछ लोग घायलों की मदद करने की बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे।
प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में अब सरकारी योजनाओं के लिए नहीं पड़ेगा भटकना, घर के पास लगेंगे विशेष वित्तीय शिविर